ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए तुरंत रहें सतर्क! पुलिस की एडवाइजरीII
ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए तुरंत रहें सतर्क! पुलिस की एडवाइजरीII

हिसार-(अमित कुमार):- वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, फर्जी बैंक अधिकारी, व्हाट्सएप पर रिश्तेदार बनकर पैसे मांगना, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग, फर्जी लिंक, APK फाइल तथा OTP के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई ठगी जा रही है। पुलिस कप्तान हिसार ने आमजन को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधी डर, लालच और जल्दबाजी का फायदा उठाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता से साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
साइबर ठगी से बचने के लिए इन बातों का विशेष ध्यान रखें
🔹 डिजिटल अरेस्ट से सावधान रहें: पुलिस, सीबीआई, ईडी या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराने, गिरफ्तारी की धमकी देने या पैसे ट्रांसफर करवाने वाले लोगों पर विश्वास न करें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे मांगना साइबर ठगी है।
🔹 OTP, PIN और पासवर्ड साझा न करें: बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या किसी अन्य व्यक्ति के कहने पर OTP, ATM PIN, UPI PIN, बैंकिंग पासवर्ड और निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
🔹 अनजान लिंक एवं APK फाइल से बचें: व्हाट्सएप, SMS या सोशल मीडिया पर आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें। किसी के कहने पर मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें।
🔹 ऑनलाइन निवेश के लालच में न आएं: शेयर मार्केट, क्रिप्टो, ट्रेडिंग या अन्य निवेश में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देने वाले फर्जी ग्रुप एवं ऐप से सावधान रहें।
🔹 व्हाट्सएप पर पैसे मांगने की पुष्टि करें: यदि कोई रिश्तेदार, दोस्त या परिचित अचानक मैसेज करके पैसे मांगता है तो पैसे भेजने से पहले उसके मोबाइल नंबर पर कॉल करके पुष्टि जरूर करें।
🔹 सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग से बचें: अनजान लोगों से वीडियो कॉल करते समय सतर्क रहें। निजी फोटो, वीडियो या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। किसी के ब्लैकमेल करने पर डरकर पैसे न दें, तुरंत पुलिस को सूचित करें।
🔹 फर्जी नौकरी एवं ऑनलाइन पार्ट टाइम काम से सावधान रहें: घर बैठे पैसे कमाने, लाइक/रेटिंग करने या बिना मेहनत भारी कमाई के नाम पर पैसे जमा करवाने वाली योजनाओं से बचें।
🔹 अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी दूसरे व्यक्ति के लिए न होने दें: कमीशन या आसान कमाई के लालच में किसी अनजान व्यक्ति के पैसे अपने बैंक खाते में प्राप्त करके आगे ट्रांसफर न करें। ऐसा करना आपको कानूनी परेशानी में डाल सकता है।
🔹 फर्जी कूरियर, चालान एवं सरकारी नोटिस से सावधान रहें: किसी पार्सल, चालान, बैंक खाते, गिरफ्तारी या सरकारी कार्रवाई के नाम पर भेजे गए संदिग्ध मैसेज पर भरोसा न करें। संबंधित विभाग से आधिकारिक माध्यम द्वारा पुष्टि करें।
यदि आपके साथ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है तो घबराएं नहीं और बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही अपने बैंक को तुरंत सूचित कर खाते/ट्रांजेक्शन को सुरक्षित करवाने का प्रयास करें। पुलिस कप्तान हिसार ने आमजन से अपील की है कि साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं, डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध के विरुद्ध सबसे मजबूत सुरक्षा है। #newstodayhry @newwstodayhry



