मैदान में जीत का जज्बा, सड़क पर सुरक्षा का वादा-खिलाड़ियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने पहुंची डबवाली पुलिस।।
मैदान में जीत का जज्बा, सड़क पर सुरक्षा का वादा-खिलाड़ियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाने पहुंची डबवाली पुलिस।।

डबवाली-(पंकज गुदारा):- खेल के मैदान में पसीना बहाने वाले युवा देश का भविष्य होते हैं, लेकिन यदि सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही हो जाए तो यह भविष्य खतरे में पड़ सकता है । इसी सोच के साथ पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार प्रभारी चौकी चौटाला उप नि. कृष्ण कुमार ने साहब राम स्टेडियम, गांव चौटाला में युवा खिलाड़ियों के बीच विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया ।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार खेलों में अनुशासन सफलता की कुंजी है, उसी प्रकार सड़क पर यातायात नियमों का पालन सुरक्षित जीवन का मंत्र है। उन्होंने युवाओं को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही और नियमों की अनदेखी है। कुछ सेकंड की जल्दबाजी या असावधानी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है । इसलिए प्रत्येक चालक का यह दायित्व है कि वह स्वयं भी नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। खिलाड़ियों को नशे की हालत में वाहन न चलाने का संदेश देते हुए बताया गया कि नशा और वाहन चलाना एक घातक संयोजन है, जो स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डाल देता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों तथा दुर्घटना की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी गई और अंडरएज वाहन न चलाने की अपील की गई । खिलाड़ियों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया । डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी समझें। यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित बना सकते हैं। पुलिस द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।। #Newstodayhry @Newstodayhry




