Uncategorized
Trending

मैदान में दौड़े कदम, नशे के खिलाफ बुलंद हुआ संकल्प ll

मैदान में दौड़े कदम, नशे के खिलाफ बुलंद हुआ संकल्प ll

डबवाली/सिरसा-(पंकज गोदारा ):- पुलिस ने गांवों में खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को दिया नशा मुक्त और स्वस्थ जीवन का संदेश l जहां एक ओर नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार करती डबवाली पुलिस दूसरी ओर युवा शक्ति को खेलों के मैदान से नई दिशा देने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के मार्गदर्शन में वीरवार सायंकाल डबवाली पुलिस की विभिन्न पुलिस चौकियों ने गांवों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं को यह संदेश दिया कि “नशा नहीं… खेल चुनो, क्योंकि मैदान जीतने वाले ही नशे को हराकर इतिहास रचते हैं।”

इस अभियान के तहत पुलिस चौकी देसूजोधा की टीम ने गांव जोगेवाला, पुलिस चौकी सिंहपुरा की टीम ने गांव सिंहपुरा तथा पुलिस चौकी चौटाला की टीम ने गांव सुकेरा खेड़ा में खेल प्रतियोगिताएं करवाई । प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों का जोश और ग्रामीणों की सहभागिता यह दर्शा रही थी कि समाज अब नशे के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा हो रहा है।
प्रतियोगिताओं के उपरांत पुलिस कर्मचारियों ने युवा खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि सोच, चरित्र और भविष्य को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराई से स्वयं भी दूर रहें और अपने मित्रों एवं परिवार को भी इससे बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अधिकारियों ने कहा कि यदि हर गांव का युवा खेल के मैदान में पसीना बहाएगा, तो नशे के सौदागर अपने मंसूबों में कभी सफल नहीं हो पाएंगे।
डबवाली पुलिस ने कहा कि नशा मुक्त समाज का सपना केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का संकल्प है। इसी उद्देश्य से पुलिस भविष्य में भी गांव-गांव पहुंचकर खेल, जागरूकता और जनसहभागिता के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का अभियान निरंतर जारी रखेगी।

Related Articles

Back to top button