सीआईए मिल गेट की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की मदद से मोबाइल चोरी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, चोरीशुदा दोनों मोबाइल बरामद ll
सीआईए मिल गेट की कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज की मदद से मोबाइल चोरी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार, चोरीशुदा दोनों मोबाइल बरामद ll
हिसार- (अमित कुमार ):-
पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए मिल गेट पुलिस को मोबाइल चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरीशुदा दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
इस बारे में प्रभारी सीआईए मिल गेट नि.पवन कुमार ने बताया कि दिनांक 02 जुलाई 2026 को शिकायतकर्ता सुरेश कुमार पुत्र मुख्तयार सिंह, निवासी संतोख माजरा, जिला कैथल (हाल निवासी निकट मोहन स्वीट्स, मोहल्ला डोगरान, हिसार) ने शिकायत दी थी कि उसके पंजू ढाबा, मोहल्ला डोगरान से एक अज्ञात पुरुष एवं महिला दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना एचटीएम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सीआईए मिल गेट को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान संजय पुत्र बलवीर सिंह, निवासी संगरिया (हाल निवासी खालसा डेयरी के पीछे, फतेहाबाद) तथा उसकी पत्नी तमन्ना के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से चोरीशुदा दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक हिसार का संदेश
“हिसार पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। आधुनिक तकनीक एवं सीसीटीवी फुटेज की सहायता से अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा रहा है। अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। आमजन से अपील है कि अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।”




