बरवाला पुलिस ने सुलझाया ताबीज चोरी का मामला, 6 ताबीज बरामद, आरोपी गिरफ्तार ll
बरवाला पुलिस ने सुलझाया ताबीज चोरी का मामला, 6 ताबीज बरामद, आरोपी गिरफ्तार ll
हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बरवाला पुलिस ने सोने की ताबीज चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरीशुदा छह सोने की ताबीज बरामद करने में सफलता हासिल की है।
थाना बरवाला प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 04 जुलाई 2026 को बीरू राम पुत्र मेहरेंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर-18, बरवाला की शिकायत पर थाना बरवाला में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके घर से छह सोने की ताबीज अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई हैं।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरजीत पुत्र कर्ण सिंह निवासी वार्ड नंबर-06, बरवाला के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई छह सोने की ताबीज बरामद कर ली हैं।
पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी, ताकि उससे गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि उसने इससे पहले भी चोरी की अन्य वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं तथा इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक हिसार ने थाना बरवाला पुलिस की टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हिसार पुलिस अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
#haryana #newstodayhry




