Haryana
Trending

होटलों की आड़ में अनैतिक धंधा करने वालों पर हिसार पुलिस का बड़ा प्रहार, होटल संचालकों को सख्त संदेश : एसपी हिसार।।

होटलों की आड़ में अनैतिक धंधा करने वालों पर हिसार पुलिस का बड़ा प्रहार, होटल संचालकों को सख्त संदेश : एसपी हिसार।।

हिसार-(अमित कुमार ):- हिसार पुलिस द्वारा जिले में देह व्यापार एवं अन्य अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र में स्थित होटल बलिश एवं ए टू ज़ेड होटल में कार्रवाई करते हुए इमोरल ट्रैफिकिंग का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता मदनलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देशानुसार डीएसपी वुमेन सेफ्टी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों होटलों में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों में लड़के एवं लड़कियां आपत्तिजनक परिस्थितियों में पाए गए। सभी संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तथा मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। जांच के दौरान होटल संचालकों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इन होटलो में देह व्यापार के लिए महिलाओ को यूपी, पंजाब, दिल्ली,उत्तराखण्ड व अन्य राज्यो से लाया जाता है। कार्यवाही के दोरान ऐसी 18 महिलाओ को रेस्क्यू किया गया है मौके पर ही होटल A TO Z के मालिक व होटल बलिश के मैनेजर को पुलिस टीम द्वारा काबु किया गया है। पुलिस अधीक्षक हिसार ने कहा कि कानून की आड़ लेकर नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर व्यवसाय करना प्रत्येक होटल संचालक की जिम्मेदारी है। यदि कोई होटल, गेस्ट हाउस या लॉज देह व्यापार अथवा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि का अड्डा बनता है, तो उसके संचालक, प्रबंधक एवं इसमें संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग त्वरित आर्थिक लाभ के लिए अपने प्रतिष्ठानों का दुरुपयोग होने देते हैं, जिससे समाज में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। हिसार पुलिस ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी यह कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगी। एसपी हिसार ने जिले के सभी होटल, गेस्ट हाउस, रिसॉर्ट एवं लॉज संचालकों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विधिवत पहचान पत्र प्राप्त करें, पूरा रिकॉर्ड संधारित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। यदि किसी प्रतिष्ठान में अनैतिक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं तो संबंधित संचालक यह तर्क नहीं दे सकेंगे कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसपी हिसार ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सामाजिक मर्यादा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिसार पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा जिले में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button