हत्या के मामले में संलिप्त दो आरोपी गिरफ्तार।।
हत्या के मामले में संलिप्त दो आरोपी गिरफ्तार।।

डबवाली-( पंकज गोदारा ):- पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर के निर्देशन में विभिन्न मामले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी चौटाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सदर डबवाली में दर्ज अभियोग में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि दिनांक 02 जुलाई 2026 को वह गांव गिदड़खेड़ा के खेतों में किसी कार्य से गया हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों प्रदीप कुमार एवं दीपक ने अपने साथियों के साथ उस पर लाठी-डंडों से हमला कर चोटें पहुंचाई तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर डबवाली में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घायल की हालत गंभीर होने पर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं भी जोड़ते हुए जांच को और गंभीरता से आगे बढ़ाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी चौटाला पुलिस ने लगातार दबिश एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त दो आरोपियों प्रदीप कुमार एवं दीपक को गिरफ्तार कर लिया । मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडे व एक कार भी बरामद की गई है । गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry




