महिला सुरक्षा पर शून्य लापरवाही की नीति अपनाएं, हर पीड़िता को समय पर न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता : एसपी हिसार।।
महिला सुरक्षा पर शून्य लापरवाही की नीति अपनाएं, हर पीड़िता को समय पर न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता : एसपी हिसार।।

हिसार-( अमित कुमार ):- महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, पीड़िताओं को त्वरित न्याय तथा अनुसंधान की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हिसार ने सोमवार को महिला थाना की सभी अनुसंधान अधिकारियों तथा जिले के सभी थानों में स्थापित वूमेन हेल्प डेस्क पर तैनात महिला अनुसंधान अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दुष्कर्म, छेड़छाड़, साइबर उत्पीड़न तथा अन्य महिला संबंधी मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी महिला शिकायतकर्ता को पुलिस कार्यालयों में अनावश्यक प्रतीक्षा या असुविधा का सामना नहीं करना चाहिए। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं कानून के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल कानून लागू करने का विषय नहीं, बल्कि समाज के विश्वास को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी अनुसंधान अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें, साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं कानूनी तरीके से संकलन करें तथा दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़िताओं को शीघ्र न्याय मिल सके। बैठक के दौरान वूमेन हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, पीड़ित सहायता व्यवस्था, अनुसंधान की प्रगति तथा विभिन्न सुरक्षा अभियानों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय बढ़ाते हुए प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग करें और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में जवाबदेही के साथ कार्य करें। इस अवसर पर डीएसपी प्रिया शर्मा, प्रभारी महिला थाना, प्रभारी प्रोटेक्शन अधिकारी, जिले के सभी महिला अनुसंधान अधिकारी, प्रभारी दुर्गा शक्ति टीम, सेना लिपिक, प्रवक्ता महोदय, प्रभारी सुरक्षा शाखा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक हिसार ने कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पुलिस अधिकारी का दायित्व है कि वह अपने व्यवहार, कार्यशैली और संवेदनशीलता से आमजन का विश्वास मजबूत करे। हिसार पुलिस महिलाओं के सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry




