PUNJAB
Trending

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर डबवाली पुलिस की पैनी नजर।।

नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर डबवाली पुलिस की पैनी नजर।।

डबवाली-(पंकज गुदारा:- पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, भा.पु.से. के कुशल नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहर डबवाली पुलिस ने मंडी डबवाली क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाया । अभियान का उद्देश्य नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाना, दवा विक्रेताओं को नियमों के प्रति जागरूक करना तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। इस औचक जांच अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आज प्रबंधक थाना शहर डबवाली नि. अवतार सिंह ने पुलिस टीम के साथ विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। मेडिकल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी प्रकार की नशीली अथवा प्रतिबंधित दवा की बिक्री न करें तथा प्रत्येक दवा का रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखें। पुलिस ने आगाह किया कि नियमों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मेडिकल संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया । सीसीटीवी फुटेज न केवल अपराधों की रोकथाम में सहायक है, बल्कि किसी भी घटना के शीघ्र एवं निष्पक्ष अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कहीं नशीली दवाओं व मादक पदार्थों की अवैध बिक्री अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933 व डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या निकटतम पुलिस थाना या चौकी में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button