
सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम से बाइक व साइकिल रैली निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा, देश भक्ति के नारों से गूंजता वातावरण और राष्ट्रभक्ति के जोश से भरे युवाओं ने पूरे शहर को देश प्रेम के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप, नगराधीश अजय सिंह, डीएसपी सुभाष चंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, सीएमजीजीए पुरू रोहिल्ला, जिला खेल अधिकारी धनपत सिंह, सुरेंद्र नागर, महंत महक, भाव्या, मुस्कान, समाजसेवी रणजीत टक्कर सहित बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों ने वहां लगी सेल्फी प्वाइंट पर फोटो क्लिक करवा कर सोशल मीडिया पर शेयर की। वहीं प्रदर्शनी के माध्यम से तिरंगा व वंदे मातरम्ï का गौरवशाली इतिहास भी जाना।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, जिलाध्यक्ष भाजपा यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने शहीद भगत सिंह स्टेडियम से किया। इसके बाद यात्रा-रैली बाल भवन, बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक और किसान चौक से होते हुए वापस शहीद भगत सिंह स्टेडियम में सम्पन्न हुई। यात्रा के दौरान युवाओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया और आमजन को भी अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। आज हमारा दायित्व है कि हम उनके बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल हुए युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी के दिलों में देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना पूरी तरह जीवंत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के लोगों को भी इससे जोड़ें। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने वाला अभियान है। तिरंगा हमें उन वीर शहीदों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक तारीख नहीं, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और आमजन को देश के गौरवशाली इतिहास से जुडऩे तथा राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को पूरे सम्मान और गर्व के साथ तिरंगे को अपने घर पर फहराना चाहिए। जिला व उपमंडल स्तर पर धूमधाम व भव्यता के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह जिला स्तरीय समारोह में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे ध्वजारोहण 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को जिला व उपमंडल स्तर पर पूरी धूमधाम व भव्यता के साथ मनाया जाएगा। समारोह को लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी है। जिला स्तरीय समारोह स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में मनाया जाएगा। इसी प्रकार उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह डबवाली में श्री गुरू गोबिंद सिंह खेल परिसर, ऐलनाबाद में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय व कालांवाली में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वहीं डबवाली में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह में श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन श्री रोहताश जांगड़ा, कालांवाली में हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन श्री देव कुमार शर्मा तथा ऐलनाबाद में किसान कल्याण प्राधिकरण की एग्ज्यूकेटिव कमेटी के चेयरमैन श्री राजपाल बैनीवाल बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट, पीटी शो, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनोंं का सम्मान किया जाएगा। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि प्रात: 8.45 बजे स्थानीय लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक स्थल व स्वतंत्रता सेनानी स्थल पर वीर शहीदों को नमन करेंगे। इसके उपरांत मुख्यातिथि शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे व परेड का निरीक्षण करेंगे। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में आयोजित होने वाले पीटी शो में 900 से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। परेड व मार्च पास्ट में 11 टूकडिय़ां हिस्सा लेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम आठ स्कूलों की टीमों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। देश के विभाजन की अनकही त्रासदी और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले लाखों निर्दोषों की कुर्बानियों को याद करते हुए शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान विश्राम गृह में विभाजन विभीषिका पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा, विस्थापन, संघर्ष और उस दौर की ऐतिहासिक घटनाओं को चित्रों एवं विवरण के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में विभाजन विभीषिका पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से विभाजन के समय परिवारों के बिछडऩे, घर-बार छोडक़र पलायन करने, हिंसा और असहनीय परिस्थितियों के बीच जीवन बचाने के संघर्ष को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। फिल्म देखने के दौरान उपस्थित लोगों ने विभाजन की पीड़ा और उस समय लोगों द्वारा किए गए संघर्ष को महसूस किया। कार्यक्रम में वक्ता पूजा मेहता, रवि रंजन और हनुमान प्रसाद ने भी विभाजन विभीषिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि विभाजन केवल देश की भौगोलिक सीमाओं का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों लोगों के जीवन में ऐसी पीड़ा लेकर आया, जिसकी कसक आज भी अनेक परिवारों की स्मृतियों में मौजूद है। लाखों लोगों को अपना घर, जमीन-जायदाद और अपनी जन्मभूमि छोडक़र अनजान स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा। अनेक परिवारों ने अपनों को खोया और असंख्य लोगों ने कठिन परिस्थितियों में जीवन की नई शुरुआत की। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि हमें शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, रानी लक्ष्मी बाई और तात्या टोपे जैसे महान क्रांतिकारियों एवं शहीदों की कुर्बानियों को कभी नहीं भूलना चाहिए। इन महान सपूतों ने देश की स्वतंत्रता और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई परिस्थितियों के बारे में जानकारी देना जरूरी है, ताकि उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और देशभक्ति की भावना और मजबूत हो। उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस काले अध्याय को याद करने का अवसर देता है, जिसमें लाखों लोगों ने असहनीय पीड़ा झेली। यह दिन उन निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन की हिंसा में अपने प्राण गंवाए और उन परिवारों को नमन करने का दिन है, जिन्होंने अपना सब कुछ खोकर भी हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति नफरत पैदा करना नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर भविष्य में ऐसी परिस्थितियों की पुनरावृत्ति को रोकना और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करना है। एडवोकेट यतिंद्र सिंह ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत में निहित है। हमें जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। विभाजन की त्रासदी हमें यह संदेश देती है कि सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास के साथ-साथ उन कठिन परिस्थितियों से भी परिचित होना चाहिए, जिनसे देशवासियों ने स्वतंत्रता प्राप्ति और उसके बाद के दौर में संघर्ष करते हुए राष्ट्र निर्माण की नींव रखी। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर हनुमान कुंडु, मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद सुमन शर्मा, सीएम विंडो एमिनेंट विष्णु शर्मा, अजय शेरपुरा, सुमन सैनी, अंग्रेज औलख, गणेश चावरिया, सुनीता सेठी, अंजु जांगड़ा, भीम पुनिया, सुनीता सेठी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। @newstodayhry #newstodayhry




