डबवाली पुलिस का स्कूलों में जागरूकता अभियान, छात्रों को नशे और साइबर अपराध से बचाव का संदेश ll
डबवाली पुलिस का स्कूलों में जागरूकता अभियान, छात्रों को नशे और साइबर अपराध से बचाव का संदेश ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा स्कूलों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज महिला थाना डबवाली प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय, मंडी डबवाली तथा प्रबंधक थाना ओढ़ा उप निरीक्षक विजय सिंह ने गांव बनवाला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुँचाता, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा, भविष्य और पूरे सामाजिक, मानसिक, शारीरिक व आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है। नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति, जिज्ञासा या दोस्तों के दबाव के कारण होती है, इसलिए विद्यार्थियों को ऐसी संगति से बचना चाहिए और किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए।विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और अन्य सकारात्मक कार्यों में लगाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि खेल एवं स्वस्थ गतिविधियां युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता प्रदान करती हैं। विद्यार्थियों से यह भी आह्वान किया गया कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसका तिरस्कार करने या उससे दूरी बनाने के बजाय उसे उपचार एवं नशा मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशा तस्करी के खिलाफ जागरूक प्रहरी बनने का संदेश देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई या सेवन किया जा रहा है तो इसकी जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस तक पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।विद्यार्थियों को नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना/चौकी में देने के लिए प्रेरित किया गया । डबवाली पुलिस यह सुनिश्चित करती है कि सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। साइबर सुरक्षा पर भी दिया संदेश-कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड एवं निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधानीपूर्वक व्यवहार करने की सलाह दी गई। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध मैसेज से सतर्क रहने का भी संदेश दिया गया । उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायत के लिए बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, https://cybercrime.gov.in/ पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।@newstodayhry #newstodayhry




