
सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) आर्यसमाज बेगू रोड स्थित सिरसा में साप्ताहिक हवन यज्ञ का आयोजन आर्यसमाज के कार्यकारी प्रधान भूपसिंह गहलोत के सान्निध्य में किया गया। मुख्य यजमान कुलदीप सिंह योगार्थी थे, अध्यक्षता विजयपाल सैनी ने की। इस अवसर पर भूपसिंह गहलोत ने श्रद्धा व तर्पण के बारे में वैदिक तर्क देकर विस्तारपूर्वक बताया कि कुछ लोगों की आस्था है कि आश्विन मास के शुक्ल पक्ष में उनके माता पिता व पितामह आदि श्राद्ध करने से, भोजन खिलाने से सभी फल मिलते हैं। उनका मानना है कि इस क्रिया के माध्यम से माता पिता व पितामह आदि की गति कर रहे हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि ये एक मिथ्या भ्रांति है जो वैदिक संस्कृति के खिलाफ है। महर्षि दयानंद वैदिक संस्कृति में लिखते हैं कि आत्मिक, शारीरिक, पारिवारिक, प्राकृतिक, कष्टों के निवारण के लिए तथा जीवन को सुखी व पवित्र बनाने के लिए पंच महायज्ञों को अपनाना चाहिए। महर्षि दयानंद सरस्वती संस्कार विधि में लिखते हैं कि अंतिम संस्कार के बाद मृतक शरीर की गति के लिए कोई भी क्रिया शेष नहीं रह जाती। स्वामी जी ने तभी संस्कार की जगह अंतिम संस्कार लिखा है। उन्होंने यजुर्वेद के 40.15 मंत्र का हवाला देकर कहा कि आत्मा गतिशील है, नष्ट न होने वाली है, अविनाशी है, जो मरती नहीं है जबकि शरीर भस्म होने वाला है, जिसका अंतिम संस्कार कर दिया जाता है। महर्षि ने बताया कि हे मनुष्यों, जब ये जीव शरीर छोड़ता है तो ईश्वरीय व्यवस्था के अनुसार सूर्य प्रकाश आदि पदार्थों को प्राप्त होकर अपने कर्मों अनुसार गर्भाश्य को प्राप्त होकर शरीर धारण कर उत्पन्न होता हे। जब जीव गतिशील होने की वजह से अपनी मां की कोख में पहुंच गया, शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया, अब हम किसकी गति करवा रहे हैं और किसे भोजन करवा रहे हैं? उन्होंने समझाया कि श्राद्ध और तर्पण को पितृयज्ञ भी कहते हैं। श्रद्धा से माता पिता, पितामह तथा गुरुजनों की सेवा करना श्राद्ध कहलाता है व श्रद्धा के साथ की गई सेवाओं से माता पिता, आचार्य प्रसन्न हों, उसे तर्पण कहते हैं। दोनों कार्य जीवित लोक मेें ही संभव हैं। सुभाष वर्मा ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हवन की अग्रि में डाला गया पदार्थ सैकड़ों मनुष्यों को लाभ पहुंचाता है। उन्होंने आर्यसमाज की शिक्षाओं व सेवाओं की प्रशंसा की। अध्यक्ष विजयपाल सैनी ने शांति पाठ व प्रसाद वितरण के साथ सभा का समापन करवाया। @newstodayhry #newstodayhry




