CIA होडल की बड़ी कार्रवाई, अपहरण-हमले-लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार
CIA होडल की बड़ी कार्रवाई, अपहरण-हमले-लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार
पलवल :- (निकुंज गर्ग )पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के मार्गदर्शन में सीआईए होडल ने अपहरण, जानलेवा हमला, मारपीट और लूटपाट के संगीन मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई आई 20 कार, नंबर प्लेट और हथौडा-डंडे बरामद किए हैं।डीएसपी हेडक्वार्टर पलवल नरेंद्र सिंह खटाना ने मंगलवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 22 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता देवीराम निवासी गांव करमन ने थाना होडल में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने भतीजे चिंटू के साथ बाजार की तरफ जा रहे थे, तब अग्रवाल धर्मशाला के पास आरोपियों ने हथियार के बल पर चिंटू का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे गाडय़िों में ले गए, उसके साथ मारपीट की, उसका मोबाइल फोन तथा 1500 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद आरोपियों ने गांव करमन में ले जाकर उस पर हथौड़ों व डंडों से जानलेवा हमला किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। प्राप्त शिकायत और एमएलआर के आधार पर थाना होडल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग के आदेशानुसार जांच सीआईए स्टाफ होडल को सौंपी गई।जांच के दौरान सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी विष्णु निवासी शिव कॉलोनी होडल को गिरफ्तार किया था। इसके पश्चात पुलिस टीम ने मुख्य आरोपियों पारस निवासी शिव कॉलोनी होडल, नीरज उर्फ पप्पू उर्फ हंसू डॉक्टर निवासी गांव करमन, मोनू उर्फ पपला निवासी करमन और डालचंद उर्फ डालू निवासी करमन को वारदात में प्रयुक्त आई 20 कार सहित गिरफ्तार किया। आरोपी डालचंद के खिलाफ जानलेवा हमले सहित संगीन धाराओं के तहत पांच मामले दर्ज। आरोपी नीरज के खिलाफ भी जानलेवा हमले जैसी संगीन धाराओं के तहत एक मामला दर्ज। आरोपी मोनू के खिलाफ एक आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज। सभी आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वारदात से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




