महाराजा अग्रसेन जी की 5180वीं जयंती पर लगेगा विशाल मेडिकल कैंप ll
महाराजा अग्रसेन जी की 5180वीं जयंती पर लगेगा विशाल मेडिकल कैंप ll

सिरसा -(अक्षित कम्बोज) श्री अग्रवाल परिवार सेवा ट्रस्ट (9380), सिरसा द्वारा महाराजा अग्रसेन जी की 5180 वीं जयंती के पावन अवसर पर रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को विभिन्न धार्मिक एवं जनसेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुनील कंदोई की अध्यक्षता में सनातन धर्म मंदिर, परशुराम चौक, सिरसा में आयोजित होगा। ट्रस्ट के सचिव दीपक गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 8:15 बजे हवन यज्ञ से होगा। इसके पश्चात 10:15 बजे ज्योत प्रज्वलित की जाएगी तथा 10:30 बजे मेडिकल कैंप का शुभारंभ होगा। प्रात: 11:15 बजे जलपान की व्यवस्था भी रहेगी। मेडिकल कैंप में फोर्टिस हॉस्पिटल मोहाली की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच की जाएगी। कैंप में कार्डियक, आॅर्थो, यूरोलॉजी तथा न्यूरो एवं स्पाइन सर्जरी के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। इसके साथ ही यूरोफ्लोमेट्री, ईसीजी, बीपी एवं शुगर जैसी जांच सुविधाएं भी नि:शुल्क उपलब्ध रहेंगी। ट्रस्ट ने आमजन से इस जनसेवा के अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। दीपक गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व महामहिम राज्यपाल ओडिशा प्रोफेसर गणेशी लाल, कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष बंसल, डायरेक्टर जनरल स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा सरकार तथा विशिष्ट अतिथि विकास सिंगला, चेयरमैन एक्सट्रा पावर टूल उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन सेवा, समानता, सहयोग और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान की प्रेरणा देता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए ट्रस्ट द्वारा धार्मिक आयोजन के साथ चिकित्सा सेवा को जोड़ा गया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर जापान की विश्व प्रसिद्ध कंपनी ओमरान द्वारा अपने उत्पादों की स्टॉल भी लगाई जाएगी। ट्रस्ट के पदाधिकारियों संरक्षक सीता राम गोयल, संरक्षक अनिल गोयल, उपाध्यक्ष महेंद्र गर्ग, उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास अग्रवाल, जयंती संयोजक कमल बंसल, मंत्री संजय गोयल, नरेंद्र मित्तल, नरेश महिपाल सहित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।




