“रोड़ी-फग्गू में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, डॉग स्क्वॉयड ने खंगाले ठिकाने”||
“रोड़ी-फग्गू में पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, डॉग स्क्वॉयड ने खंगाले ठिकाने”||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) नशे के कारोबार पर चोट करने के लिए सिरसा पुलिस ने अब गांवों में सीधे संदिग्ध ठिकानों तक पहुंचना शुरू कर दिया है। बुधवार सुबह जब गांव रोड़ी और फग्गू के लोग दिन की शुरुआत कर रहे थे, उसी समय पुलिस की अलग-अलग टीमें डॉग स्क्वॉयड के साथ मैदान में उतर गईं। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुआ यह अभियान नौ बजे तक चला। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध नशा तस्करों के 19 घरों पर दबिश देकर तलाशी ली और आसपास के इलाकों को भी खंगाला। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान की कमान रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार और एंटी नारकोटिक सेल सिरसा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर महावीर प्रसाद ने संभाली। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमों ने डॉग स्क्वॉयड को साथ लेकर संदिग्ध ठिकानों पर जांच की। पुलिस का मकसद नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े संभावित ठिकानों की पहचान करना और इस अवैध धंधे में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना था।तस्करों के साथ नशे की सप्लाई चेन भी निशाने पर एसपी दीपक सहारन ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई केवल नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। गांवों में संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर जांच की जाएगी और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।ग्रामीण भी निभाएं अपनी जिम्मेदारी एसपी ने ग्रामीणों से कहा कि नशे की खरीद-फरोख्त की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को नशेड़ी कहने की बजाय इलाज और काउंसलिंग के जरिए मुख्यधारा में लाने की जरूरत है। पुलिस ऐसे युवाओं को उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करने में भी सहयोग करेगी। #newstodayhry




