जनगणना में लापरवाही पर होगी एफआईआर: निगम प्रशासन सख्त।।
जनगणना में लापरवाही पर होगी एफआईआर: निगम प्रशासन सख्त।।

फरीदाबाद -(पूजा शर्मा ):- आयुक्त-कम-मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने जिले के सभी जनगणना प्रगणकों (एन्यूमरेटर) को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 1 मई से 30 मई तक प्रस्तावित जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ संपन्न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित तिथि से ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी।आयुक्त ने बताया कि कुछ कर्मचारी जनगणना ड्यूटी से बचने के लिए विभिन्न बहाने बनाकर कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, जो गंभीर विषय है। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को समझें और इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने “हमारी जनगणना, हमारा विकास” के संकल्प को दोहराते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया।धीरेंद्र खड़गटा ने जिले के नागरिकों से भी अपील की कि जनगणना के दौरान उनके घर पहुंचने वाले गणनाकर्ताओं को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि आंकड़ों की सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए सरकारी व निजी स्कूलों के स्टाफ सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन के मार्गदर्शन मेंअधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कानूनी प्रावधानों एवं प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।आयुक्त ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 1 मई से 30 मई तक मकानों के सूचीकरण एवं मकान जनगणना का कार्य किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को 30 अप्रैल तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। इस बार जनगणना प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है, जिससे कार्य अधिक पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।। #Newstodayhry @Newstodayhry