डबवाली एसपी ने युवाओं को दिखाया सुरक्षित भविष्य का रास्ता।।
डबवाली एसपी ने युवाओं को दिखाया सुरक्षित भविष्य का रास्ता।।

डबवाली-(पंकज गोदारा ):- बास्केटबॉल के रोमांचक मुकाबलों के बीच गांव जंडवाला बिश्नोईयां का खेल मैदान उस समय जन-जागरूकता का मंच बन गया, जब पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने खिलाड़ियों, युवाओं, ग्रामीणों एवं महिलाओं से सीधा संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक ने गांव के गणमान्य व्यक्तियों की सराहना करते हुए कहा कि वे बधाई के पात्र हैं क्योंकि उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें नशे से दुर रखने व अपना भविष्य संवारने में एक साकारत्मक पहल के रूप में कार्य किया है । खेल प्रतियोगिता में मौजूद लोगों ने पुलिस के संदेश को गंभीरता से सुना और समाज को सुरक्षित व जागरूक बनाने में अपनी भागीदारी का संकल्प लिया। नशा मुक्त समाज पर जोर देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से खेलों और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को संवारने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नशा तस्करी या नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 91389-99748, मानस पोर्टल अथवा नजदीकी थाना या चौकी में दी जा सकती है। साइबर अपराधों के संबंध में उन्होंने लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी तथा डिजिटल भुगतान से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं या साइबर पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके। महिला सुरक्षा विषय पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1091, आपातकालीन सेवा 112 तथा महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या महिला विरुद्ध अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




