Uncategorized
Trending

युवाओं ने सेल्फी लेकर नशे से दूर रहने और दूसरों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का लिया संकल्प ।।

युवाओं ने सेल्फी लेकर नशे से दूर रहने और दूसरों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का लिया संकल्प ।।

डबवाली – ( पंकज गोदारा ):- बी.आर. अम्बेडकर कॉलेज, डबवाली का परिसर उस समय जनजागरण के एक बड़े मंच में बदल गया, जब नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से आयोजित विशाल जागरूकता कार्यक्रम में हजारों युवाओं अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक हिसार रेंज, हिसार श्री कुलदीप सिंह, आईपीएस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर एसी जसलीन कौर के कुशल नेतृत्व में डबवाली पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध कार्रवाई की सराहना करते हुए इस जन आंदोलन को और अधिक मजबूती प्रदान की । श्री कुलदीप सिंह आईपीएस ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा 26 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के उपलक्ष में 11 जून से 26 जून तक विशेष नशामुक्त हरियाणा जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशियां और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। यदि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं तो वे देश के विकास के सशक्त वाहक बन सकते हैं । इस बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस, प्रशासन, अभिभावकों, शिक्षकों और युवाओं को मिलकर कार्य करना होगा । उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाकर इस अभियान का सक्रिय सहभागी बने। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में डबवाली पुलिस एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है नशे की सप्लाई चेन को तोड़कर इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति को कानून के शिकंजे में ले रही है । नशे से जोड़ी गई अवैध सम्पत्ति पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति फ्रीज की गई है । वहीं दूसरी ओर नशा पीड़ितों को उपचार और पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य भी कर रही है। गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, खेल मैदानों और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं । कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब आया जब नशा मुक्ति टीम डबवाली के सहयोग से नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौट चुके कई व्यक्तियों ने मंच पर आकर अपने संघर्ष, उपचार और पुनर्वास की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि परिवार, समाज, स्वास्थ्य विभाग और डबवाली पुलिस के सहयोग से उन्होंने नशे की अंधेरी दुनिया से बाहर निकलकर नई जिंदगी की शुरुआत की। उनकी प्रेरणादायक कहानियों ने उपस्थित युवाओं और अभिभावकों को गहरा संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से नशे पर विजय प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे अन्य नशा पीड़ितों को भी उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरणा मिल सके। इस दौरान युवाओं व ग्रामीणो ने डबवाली पुलिस द्वारा बनाए गए सेल्फी प्वांइट पर सेल्फी लेकर स्वंय नशा न करने और दूसरों को नशा न करने देने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया । हरियाणा पुलिस के एम्बेसडर सतनाम सिंह ने युवाओं को शारीरिक फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली का महत्व समझाते हुए विभिन्न व्यायामों का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल और फिटनेस युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। वहीं छात्रा मनीषा सिंह ने नशे के खिलाफ एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उनकी कविता ने नशे के दुष्प्रभावों तथा नशा मुक्त जीवन के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से नशा तस्करी संबंधी सूचना पुलिस तक पहुंचाने तथा नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा पीड़ित व्यक्ति को तिरस्कार नहीं बल्कि सहयोग, उपचार और अपनापन चाहिए । उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अगर उनके आस पास कोई व्यक्ति नशे के सेवन, तस्करी व नशे से जुड़ी अन्य गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तूरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, नजदीकी थाना, चौकी, व डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 पर दें । सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी । कार्यक्रम में डीएसपी मुख्यालय श्री योगेश कटारिया, डीएसपी कालांवाली श्री ललित कुमार, नशा मुक्ति टीम डबवाली, थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी, एडीसी सिरसा अर्पित संगल, एएसएमओ नागरिक अस्पताल मंडी डबवाली डॉ हरसिमरनजीत सिंह, कॉलेज प्रबंधन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। नशे से नहीं नशे के खिलाफ लड़ने वालों से दोस्ती करें। एक जागरूक परिवार एक जिम्मेदार नागरिक और एक संगठित समाज ही नशा मुक्त भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button