निर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।।
निर्माणाधीन मकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार।।

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ):- जिला पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग की तार, पानी की मोटर और टोंटियां चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए थाना शहर सिरसा पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपियों को काबू किया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मोहता गार्डन, बेगू रोड निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बेगू रोड स्थित उसके निर्माणाधीन मकान में एक जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर घुस आए। चोर मकान से बिजली फिटिंग की तार, पानी की मोटर और टोंटियां चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कीर्ति नगर पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भादरा पार्क क्षेत्र से अमित उर्फ दीपक निवासी माधवपुर, जिला दरभंगा (बिहार) तथा अनिकेत निवासी जागीर कॉलोनी, कालांवाली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिकेत के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उसके खिलाफ थाना कालांवाली में चोरी का एक अन्य मामला भी दर्ज मिला है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।। #newstodayhry @neswtodayhry


