PUNJAB
Trending

अपराध पर अंकुश और पेट्रोल पंपों व शराब ठेकों की सुरक्षा को लेकर डबवाली पुलिस अलर्ट।।

अपराध पर अंकुश और पेट्रोल पंपों व शराब ठेकों की सुरक्षा को लेकर डबवाली पुलिस अलर्ट।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- अपराधों की रोकथाम तथा पेट्रोल पंपों एवं शराब ठेकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस ने आज क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों एवं शराब ठेकेदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी ने संचालकों को सतर्क रहने तथा अपने प्रतिष्ठानों पर आधुनिक एवं प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि पेट्रोल पंपों एवं शराब ठेकों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों एवं वाहनों की आवाजाही रहती है। साथ ही इन प्रतिष्ठानों पर नकदी का लेन-देन भी अधिक होता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने सभी संचालकों को उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कैमरे 24 घंटे चालू अवस्था में रहें और उनकी रिकॉर्डिंग स्पष्ट एवं सुरक्षित रहे। एसपी ने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन इस प्रकार निर्धारित की जाए कि प्रतिष्ठानों पर आने-जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियां तथा वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई दें, क्योंकि किसी भी घटना की जांच में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होती है। साथ ही कैमरों की नियमित जांच की जाए तथा किसी भी प्रकार की खराबी पाए जाने पर तुरंत मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का पर्याप्त बैकअप सुरक्षित रखने तथा डीवीआर को सुरक्षित स्थान पर रखने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों एवं शराब ठेकेदारों को नकदी की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रतिष्ठानों के अंदर एवं बाहर पर्याप्त रोशनी रखने, अग्निशमन यंत्रों को कार्यशील स्थिति में रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नकदी को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए तथा प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को भी सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए। शराब ठेकेदारों को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि वे यह सुनिश्चित करें कि ठेकों के बाहर अथवा आसपास शराब का सेवन न हो। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हुए पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी । ठेका संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आह्वान किया गया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 सेवा एवं पुलिस की पीसीआर टीमें क्षेत्र में लगातार गश्त करती हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। समय पर दी गई सूचना अपराध की रोकथाम तथा त्वरित पुलिस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बैठक में उपस्थित पेट्रोल पंप संचालकों एवं शराब ठेकेदारों ने पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करेंगे तथा क्षेत्र में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए डबवाली पुलिस का पूर्ण सहयोग करेंगे।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि डबवाली पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस और जनता के बीच निरंतर संवाद, सतर्कता एवं आपसी सहयोग से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button