Haryana
Trending

साईबर थाना हिसार ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, तीन मोबाइल फोन भी बरामद।।

साईबर थाना हिसार ने ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, तीन मोबाइल फोन भी बरामद।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम हिसार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन सस्ती ड्रैस एवं गिफ्ट का लालच देकर हजारों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। साइबर थाना प्रभारी कपिल ने बताया कि शिकायतकर्ता कमल पुत्र देवेत राम निवासी ऋषि नगर, हिसार की शिकायत पर एनसीसीआरपी शिकायत संख्या 21306260032538 के आधार पर थाना साइबर क्राइम हिसार में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर सस्ती कीमत पर ड्रैस बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करने पर उसकी बातचीत व्हाट्सएप के माध्यम से हुई। आरोपियों ने पहले कम कीमत में ड्रैस उपलब्ध कराने का झांसा दिया, फिर अधिक खरीदारी करने पर आकर्षक गिफ्ट एवं कैशबैक का लालच देकर अलग-अलग यूपीआई आईडी पर कई किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। इस दौरान शिकायतकर्ता से 41,940 रुपये जमा करवा लिए गए तथा बीच-बीच में 9,090 रुपये वापस भेजकर विश्वास कायम किया गया। अंततः आरोपियों ने शिकायतकर्ता के साथ 32,850 रुपये की साइबर धोखाधड़ी कर दी।मामले की जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक राजा राम ने बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन, मोबाइल नंबरों एवं तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की राशि का बड़ा हिस्सा इक्विटास बैंक एवं अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर हुआ था। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम राजस्थान के बूंदी एवं कोटा पहुंची और कार्रवाई करते हुए उमाशंकर सैनी पुत्र बनवारी लाल निवासी बरूधन, जिला बूंदी, सेवक सिंह पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी छतरपुरा, जिला बूंदी तथा विकास मीणा पुत्र राजेंद्र उर्फ राजू मीणा निवासी मेरूपुरा, जिला बूंदी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी उमाशंकर ने अपना बैंक खाता रुपये के लालच में साइबर ठगी के लिए सह-आरोपी सेवक सिंह को उपलब्ध कराया था। वहीं सेवक सिंह ने उक्त बैंक खाता आगे विकास मीणा को साइबर अपराध में प्रयोग करने के लिए उपलब्ध कराया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दो आरोपी अन्य व्यक्तियों की पहचान पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। बरामद मोबाइल फोन एवं सिम कार्डों की फोरेंसिक एवं तकनीकी जांच की जा रही है ताकि साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को हिसार लाकर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, ठगी की रकम के ट्रेल तथा पूरे साइबर नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाले अत्यधिक सस्ते ऑफर, गिफ्ट, कैशबैक एवं भारी छूट वाले विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति या यूपीआई आईडी पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा निकटतम साइबर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित को राहत दिलाई जा सके।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button