“सड़क पर गिरी 2.25 किलो चांदी… फिर CCTV ने खोला पूरा राज ll
“सड़क पर गिरी 2.25 किलो चांदी... फिर CCTV ने खोला पूरा राज ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा आमजन की सहायता एवं उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान पुलिस ने सड़क पर गिरे 2 किलो 250 ग्राम चांदी के दो टुकड़ों को बरामद कर 80 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति को सुरक्षित वापस लौटाकर सराहनीय कार्य किया है। दिनांक 01 अगस्त 2026 को बुजुर्ग व्यक्ति श्री नन्द किशोर वासी दिल्ली पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान पर पहुंचे और बताया कि वह मोटरसाइकिल पर अपने बैग में करीब 2 किलो 250 ग्राम चांदी के दो टुकड़े लेकर जा रहे थे। रास्ते में बैग फट जाने के कारण चांदी के दोनों टुकड़े कहीं गिर गए। उन्होंने पुलिस से चांदी की तलाश में मदद करने का अनुरोध किया।
इस पर ASI सुभाष, प्रभारी पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान व पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में करीब 10-12 वर्ष का एक बच्चा सड़क से चांदी के टुकड़े उठाकर अपने प्लास्टिक के थैले में डालता हुआ दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने CCTV फुटेज व स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर बच्चे की पहचान की और उसके घर पहुंचकर पूछताछ की। बच्चे ने बताया कि उसे सड़क पर दो सफेद रंग के टुकड़े मिले थे, जिन्हें उसने कबाड़ समझकर अपने कबाड़ के थैले में डाल लिया था। पुलिस ने बच्चे के कबाड़ के सामान की जांच की तो उसमें चांदी के दोनों टुकड़े बरामद हो गए।
पुलिस ने बुजुर्ग व्यक्ति से संपर्क किया, लेकिन उस समय उनका फोन बंद आ रहा था। इसके बाद दिनांक 08 अगस्त 2026 को पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क कर चांदी बरामद होने की सूचना दी। बुजुर्ग व्यक्ति श्री नन्द किशोर, उम्र करीब 80 वर्ष, दिल्ली से वापस हिसार पुलिस चौकी पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा उनकी पूरी 2 किलो 250 ग्राम चांदी सुरक्षित वापस लौटा दी गई।
एसपी सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय आमजन की सहायता करना और उनकी संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाना भी है। हिसार पुलिस इसी संवेदनशील एवं जिम्मेदार पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस चौकी मोहल्ला डोगरान की टीम द्वारा की गई इस तत्पर एवं ईमानदार कार्रवाई की बुजुर्ग व्यक्ति ने सराहना करते हुए हिसार पुलिस का आभार व्यक्त किया। @newstodayhry #newstodayhry




