PUNJAB
Trending

साइबर ठगी से बचाव के लिए डबवाली पुलिस की पहल, ‘साइबर राहगीरी’ से आमजन को किया जागरूक।।

साइबर ठगी से बचाव के लिए डबवाली पुलिस की पहल, ‘साइबर राहगीरी’ से आमजन को किया जागरूक।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, IPS के दिशा-निर्देशन में डबवाली पुलिस द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम बुधवार को चलाए जाने वाले ‘साइबर राहगीरी’ अभियान के तहत आज आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया । साइबर अपराध शाखा डबवाली, थाना एवं चौकी पुलिस की टीमों ने शिक्षण संस्थानों, गांवों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम और नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। पुलिस प्रवक्ता एवं साइबर अपराध शाखा डबवाली प्रभारी उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधियों द्वारा ठगी के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्क डिजिटल व्यवहार ही साइबर अपराध से बचाव का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बालिकाओं, व्यापारियों, ग्रामीणों तथा सरकारी कर्मचारियों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को सुरक्षित ऑनलाइन गेमिंग, साइबर बुलिंग, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी लिंक एवं APK फाइलों से बचने तथा अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने के लिए जागरूक किया गया। वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस/सीबीआई/ईडी अधिकारी बनकर किए जाने वाले कॉल, OTP/KYC फ्रॉड, फर्जी कस्टमर केयर और डर या दबाव बनाकर पैसे ट्रांसफर करवाने वाले अपराधों से सावधान किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, मॉर्फ्ड/डीपफेक फोटो-वीडियो और ऑनलाइन उत्पीड़न के प्रति सतर्क किया गया। इसी प्रकार व्यापारियों एवं दुकानदारों को UPI/QR कोड फ्रॉड और फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट के संबंध में जागरूक करते हुए बताया गया कि केवल स्क्रीनशॉट देखकर भुगतान प्राप्त होने की पुष्टि न करें, बल्कि अपने बैंक खाते में वास्तविक राशि जमा होने की पुष्टि के बाद ही सामान या सेवा उपलब्ध करवाएं। डबवाली पुलिस की टीमों ने लोगों को विशेष रूप से UPI फ्रॉड के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति पैसे भेजने के नाम पर UPI पर ‘Request Money’ या Collect Request भेजता है और कहता है कि PIN डालने से आपके खाते में पैसे आ जाएंगे, तो ऐसी रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और PIN दर्ज न करें। पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN डालने की आवश्यकता नहीं होती। UPI PIN का इस्तेमाल भुगतान करने के लिए किया जाता है। इसी प्रकार सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से QR Code स्कैन कर पैसे प्राप्त करने, कैशबैक या किसी आकर्षक ऑफर का लाभ लेने संबंधी संदेश प्राप्त होने पर सावधान रहें। साइबर अपराधी QR Code के माध्यम से धोखाधड़ी करने का प्रयास कर सकते हैं। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR Code को बिना सत्यापन स्कैन न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने कहा कि “साइबर अपराधी आपके डर, जल्दबाजी, लालच और विश्वास को अपना हथियार बनाते हैं, जबकि जागरूकता और सतर्कता आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।” उन्होंने बताया कि कोई भी बैंक या सरकारी विभाग फोन पर OTP, PIN, पासवर्ड, CVV अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहता। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ऐप, QR Code या ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। उन्होंने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal www.cybercrime.in पर शिकायत दर्ज करवाएं तथा संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें। डबवाली पुलिस ने कहा कि ‘साइबर राहगीरी’ केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति लगातार जागरूक करने का प्रयास है। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधियों की सबसे बड़ी चुनौती हैं।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button