सप्लायर से लेकर खरीदार तक पुलिस की पहुंच, दो युवक काबू
सप्लायर से लेकर खरीदार तक पुलिस की पहुंच, दो युवक काबू
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज ) जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने कंगनपुर रोड रेलवे फाटक के नजदीक से सप्लायर सहित दो युवकों को 6 ग्राम 08 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सीआईए ऐलनाबाद की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान कंगनपुर रोड रेलवे फाटक के पास मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक अचानक वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए शक के आधार पर उसे काबू कर लिया। इसके बाद नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी दिलबाग सिंह पुत्र मोकम सिंह निवासी जेई कॉलोनी, सिरसा की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 6 ग्राम 08 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए युवक से पूछताछ करने पर बताया कि उक्त हेरोइन इंदिरा कॉलोनी निवासी अनमोल सिंह पुत्र बलदेव सिंह से लेकर आया था । उन्होंने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी में संलिप्त आरोपी अनमोल सिंह को काबू कर लिया । दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमाड अवधि के दौरान पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी ।




