चाय स्टॉल पर हुक्का? अब होगी सख्त कार्रवाई | SP सिद्धान्त जैन
चाय स्टॉल पर हुक्का? अब होगी सख्त कार्रवाई | SP सिद्धान्त जैन
हिसार :- ( अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित चाय स्टॉलों एवं अन्य दुकानों पर युवाओं को हुक्का उपलब्ध करवाने तथा हुक्के का सेवन करवाने की गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षण संस्थानों के आसपास का वातावरण विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं नशामुक्त होना चाहिए। यदि कोई दुकानदार या संचालक नियमों की अवहेलना करते हुए युवाओं को हुक्का उपलब्ध करवाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ संबंधित कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी हिसार ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिक्षण संस्थानों के आसपास स्थित चाय स्टॉलों और अन्य दुकानों पर निगरानी रखें तथा हुक्का सेवन करवाने या प्रतिबंधित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस यह भी सुनिश्चित करेगी कि नियमों की आड़ में युवाओं को नशे अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक गतिविधियों की ओर धकेलने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को चेतावनी
एसपी हिसार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शिक्षण संस्थानों के आसपास हुक्का सेवन को बढ़ावा देना, नियमों का उल्लंघन करना अथवा युवाओं को ऐसी गतिविधियों में शामिल करना गंभीरता से लिया जाएगा। दुकानदार अपनी दुकानों पर किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बढ़ावा न दें। केवल व्यवसाय की आड़ में नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हुक्का या तंबाकू उत्पादों से संबंधित किसी भी कार्रवाई में लागू कानून एवं प्रतिबंधों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय भी किया जाएगा।
हिसार पुलिस की आमजन से अपील
हिसार पुलिस अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों और आम नागरिकों से अपील करती है कि युवाओं को नशे एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक गतिविधियों से दूर रखने में सहयोग करें। यदि किसी शिक्षण संस्थान के आसपास हुक्का सेवन करवाने या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले, तो हिसार पुलिस के विशेष व्हाट्सएप नंबर 8814012342 और 8814057100 पर सूचना दें।
युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है। शिक्षण संस्थानों के आसपास गैरकानूनी गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ हिसार पुलिस नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगी।




