“बैडमिंटन कोर्ट पर समर का दमदार प्रदर्शन, हरियाणा में हासिल की तीसरी पोजिशन”||
“बैडमिंटन कोर्ट पर समर का दमदार प्रदर्शन, हरियाणा में हासिल की तीसरी पोजिशन”||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) फरीदाबाद में आयोजित 59वीं सब-जूनियर हरियाणा राज्य अंडर-13 बैडमिंटन प्रतियोगिता में गांव जीवन नगर निवासी समर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाकर समर सिंह ने न केवल अपने परिवार, बल्कि गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव व क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। जानकारी देते हुए कश्मीरा सिंह खंब व जतिंद्र सिंह ढिल्लों ने बताया कि समर सिंह पुत्र डॉ. दविंदर सिंह बचपन से ही बैडमिंटन खेल के प्रति विशेष रुचि रखते हैं। वह गुरदेव इंडौर स्टेडियम, संतनगर में नियमित रूप से बैडमिंटन का अभ्यास करते हैं और अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण उनकी सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी तकनीक, फुर्ती और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लक्षित भगत ने प्रथम, आरव सिंह ने द्वितीय तथा समर सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस दौरान समर सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों और खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। श्री गुरदेव चैरिटेबल ट्रस्ट, संतनगर के अध्यक्ष हरपिंद्र सिंह कूका ने समर सिंह की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई व भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी अंडर-11 में समर गोल्ड मैडलिस्ट रह चुका है और उसके पिता भी बैडमिंटन के प्रति गहरा लगाव रखते हुए रोजाना अभ्यास करते हैं। यही नहीं गुरदेव इंडोर स्टेडियम में अभ्यास कर आसपास के गांवों के अनेक युवा राष्टÑीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। वहीं उनके परिजनों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और गांववासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि समर भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। #newstodayhry




