PUNJAB
Trending

शाम ढली तो जनता के बीच पहुंचे एसपी, बच्चों की मुस्कान और सुरक्षित भविष्य को बनाया संध्या संवाद का विषय।।

शाम ढली तो जनता के बीच पहुंचे एसपी, बच्चों की मुस्कान और सुरक्षित भविष्य को बनाया संध्या संवाद का विषय।।

डबवाली-(पंकज गुदारा):- शाम के सुहाने माहौल में जब स्वतंत्रता सेनानी पार्क मंडी डबवाली में बच्चों की खिलखिलाहट और बुजुर्गों की सैर से गुलजार था, उसी दौरान पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस आमजन के बीच पहुंचीं। उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों, उनके अभिभावकों तथा बुजुर्गों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षित, जागरूक तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस-जन सहभागिता को सबसे बड़ी ताकत बताया। इस संध्या संवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अराजक तत्व, नशा तस्कर अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर या अपने नजदीकी थाना चौकी में दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की एक छोटी-सी सतर्कता कई परिवारों को बड़ी परेशानी से बचा सकती है और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में पुलिस की सबसे बड़ी सहयोगी बन सकती है। उन्होंने बताया कि पुलिस की डायल 112 व राइडर टीम लगातार गश्त कर रही हैं ताकि किसी भी आपराधिक वारदात पर समय से पहले अंकुश लगाया जा सके । युवाओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए एसपी जसलीन कौर ने कहा कि आज बच्चों के हाथों में किताबें, खेल का सामान और सपने होने चाहिए, न कि नशे जैसी बुराई की परछाई। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां और भविष्य छीन लेता है। इसलिए हर माता-पिता, शिक्षक और जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को सही मार्गदर्शन दें और उन्हें शिक्षा, खेल, अनुशासन तथा अच्छे संस्कारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस केवल नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही नहीं कर रही, बल्कि नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार, परामर्श और नई जिंदगी से जोड़ने का भी निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जब पुलिस, परिवार और समाज एक साथ खड़े होंगे, तब नशे जैसी बुराई को जड़ से समाप्त करना संभव होगा। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों के सपनों की रक्षा करें, उन्हें अच्छे संस्कार दें, नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं और सुरक्षित, नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त डबवाली के निर्माण में पुलिस के सहयोगी बनें । डबवाली पुलिस की अपील है कि अगर आपके पास नशे के सेवन, बिक्री या नशे से जुड़ी ऐसी कोई गतिविधि हो तो इसकी सूचना तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना अथवा चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry ।।

Related Articles

Back to top button