सीवरेज के गंदे पानी से त्रस्त व्यापारी, अब उठाने जा रहे बड़ा कदम ll
सीवरेज के गंदे पानी से त्रस्त व्यापारी, अब उठाने जा रहे बड़ा कदम ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-चौ. दलबीर सिंह स्टेडियम के साथ लगते एडिशनल मंडी रोड पर ओवरफ्लो होकर बह रहे सीवरेज के पानी के कारण व्यापारियों का जीना दुश्वार हो गया है। या यूं कहें कि यहां के व्यापारी व आसपास के बाशिंदे नारकीय जीवन व्यतीत कर रहे हैं तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग, कमल गर्ग, दीपक गर्ग, पूर्व प्रधान मनोहर मैहता, महेश कालड़ा, अंग्रेज सिंह सहित अन्य ने बताया कि पिछले काफी समय से इस रोड पर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या चल रही है। हैरानी की बात तो ये है कि पब्लिक हैल्थ से लेकर नगर परिषद सहित अन्य अधिकारी यहां आकर जा चुके हैं, लेकिन किसी ने भी समस्या का समाधान नहीं किया। सभी अधिकारी व कर्मचारी एक-दूसरे विभाग के अधिकारियों पर जिम्मेदारी डालते हुए यहां से चलते बने। शहरी प्रधान ने कहा कि मंडी एसोसिएशन की ओर से भी इस समस्या को लेकर पुरजोर प्रयास किए गए, लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। अधिकारियों की कारगुजारी का खामियाजा लंबे समय से यहां के व्यापारी व आमजन भुगत रहे हैं। गर्ग नेकहा कि जब हम बिल पब्लिक हैल्थ विभाग में भरते हैं तो इसकी जिम्मेदारी भी विभाग की बनती है। यहां तक की सीएम विंडो पर भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों व यहां आसपास रहने वाले लोगों के सब्र का बांध टूट चुका है और अब मजबूरन उन्हें कोई ठोस कदम उठाना पड़ेगा, ताकि समस्या का हल करवाया जा सके। @newstodayhry #newstodayhry




