Haryana
Trending

आपकी एक सूचना, अपराध पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ll

आपकी एक सूचना, अपराध पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ll

हिसार-(अमित कुमार):-आमजन को पुलिस से सीधे जोड़ने, अपराध की सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस-जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिले का कोई भी नागरिक अब अपराध, संदिग्ध गतिविधि, नशा तस्करी, अवैध हथियार, चोरी, जुआ-सट्टा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, सड़क पर हुड़दंग या कानून व्यवस्था से संबंधित किसी भी सूचना को सीधे हिसार पुलिस तक पहुंचा सकता है।
मासिक मीडिया बैठक के दौरान पत्रकार साथियों द्वारा आमजन के लिए विशेष मोबाइल नंबर जारी करने का सुझाव दिया गया था। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने इस सुझाव को जनहित में स्वीकार करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम के दो विशेष मोबाइल एवं व्हाट्सएप नंबर जारी करने के निर्देश दिए हैं।
आमजन के लिए विशेष सूचना नंबर
📱 88140-12342
📱 88140-57100
इन दोनों नंबरों पर नागरिक कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को सूचना दे सकते हैं। नागरिक इन नंबरों पर फोटो, वीडियो, लोकेशन अथवा अन्य आवश्यक जानकारी भी भेज सकते हैं। प्राप्त सूचना पर हिसार पुलिस द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस द्वारा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। आमजन बिना किसी डर या झिझक के अपने आसपास होने वाली संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे सकते हैं।
कंट्रोल रूम में प्राप्त प्रत्येक सूचना का विधिवत रिकॉर्ड रखा जाएगा। सूचना प्राप्त होने का समय, सूचना का विवरण तथा संबंधित थाना, चौकी अथवा शाखा के अधिकारी को सूचना भेजे जाने की जानकारी दर्ज की जाएगी। इससे प्राप्त सूचनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई में जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है। नागरिकों द्वारा समय पर दी गई सूचना किसी गंभीर अपराध को होने से रोक सकती है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस “जन सहयोग, जन विश्वास और जन सुरक्षा” की भावना के साथ कार्य कर रही है। पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत होने से अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई को और गति मिलेगी।
हिसार पुलिस की आमजन से अपील है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी बड़ी वारदात को रोक सकती है। अपराध के खिलाफ पुलिस का साथ दें और सुरक्षित हिसार के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button