एक गांव तीन नाम,पहचान के संकट में फंसे नूंह के ग्रामीण, सरकारी रिकॉर्ड ने बढ़ाई मुश्किलें।।
एक गांव…तीन नाम,पहचान के संकट में फंसे नूंह के ग्रामीण, सरकारी रिकॉर्ड ने बढ़ाई मुश्किलें।।

नूंह -(निकुंज गर्ग):- किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके दस्तावेजों से होती है, लेकिन नूंह जिले के पिनगवां खंड का एक गांव खुद अपनी पहचान के लिए संघर्ष कर रहा है। हालत यह है कि एक ही गांव को अलग-अलग सरकारी विभाग अलग-अलग नामों से जानते हैं। नतीजा यह है कि गांव के लोगों की पहचान हर सरकारी दफ्तर में सवालों के घेरे में आ जाती है। शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में गांव का नाम अल्लाहबास,पंचायत विभाग में लाहाबास और राजस्व विभाग में इलाहाबाद दर्ज है। यही नहीं, जीपीएस और कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी गांव को इलाहाबाद के नाम से दिखाते हैं। वर्षों से चली आ रही इस विसंगति ने ग्रामीणों के लिए सरकारी काम आसान करने के बजाय और मुश्किल बना दिए हैं। गांव के युवाओं का कहना है कि सरकारी नौकरियों में आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन, आधार, निवास, जाति प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कागजात बनवाने के दौरान बार-बार गांव के नाम को लेकर आपत्तियां लग जाती हैं। कई बार अतिरिक्त दस्तावेज देने पड़ते हैं और दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या चार दशक से अधिक समय से बनी हुई है, लेकिन किसी भी विभाग ने इसे ठीक करने की पहल नहीं की। उनका कहना है कि जब एक गांव की पहचान ही तीन हिस्सों में बंटी हो, तो आम लोगों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। वही राजस्व विभाग के रिकॉर्ड में गांव का नाम इलाहाबाद दर्ज है, जबकि स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शिक्षा विभाग के रिकॉर्ड में अल्लाहबास नाम दर्ज है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी विभागों के रिकॉर्ड का मिलान कर गांव का एक ही अधिकृत नाम तय किया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही पहचान की यह उलझन हमेशा के लिए खत्म हो सके। वही इस संबंध में डीसी अखिल पिलानी ने बताया कि सरकारी रिकॉर्ड में गांव का वर्तमान आधिकारिक नाम लाहाबास है, जबकि इलाहाबाद इसका पुराना नाम दर्ज है। यही वजह हो सकती है कि अलग-अलग विभागों के रिकॉर्ड में विभिन्न नाम दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी विभाग, जैसे स्कूल या पंचायत को नाम बदलने में दिक्कत है, तो वे लिखित में आवेदन कर सकते हैं। किसी भी दस्तावेज में गांव का नाम LGD कोड 29550 के माध्यम से विभाग द्वारा बदला जा सकता है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




