श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता:-एसपी सिद्धांत जैन ll
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता:-एसपी सिद्धांत जैन ll

हिसार-(अमित कुमार):-श्रावण मास में आयोजित कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार हिसार पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध किए हैं। जिले के सभी थाना प्रभारियों, यातायात पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने बताया कि बरवाला खेड़ी चोपटा जींद मार्ग पर कांवड़ियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए 07 अगस्त 2026 से भारी वाहनों का आना व जाना अस्थायी रूप से प्रतिबंधित रहेगा। जींद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को बरवाला-बनभौरी-उचाना मार्ग तथा जींद से आने वाले भारी वाहनों को उचाना-बनभौरी-बरवाला मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। इस संबंध में जींद एवं हांसी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया है।उन्होंने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान सड़क की बाईं लेन का प्रयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें, डीजे की ध्वनि एवं ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें, किसी भी प्रकार के हथियार या नशीले पदार्थ साथ न रखें तथा मॉडिफाइड (पटाखा) साइलेंसर वाले वाहनों का प्रयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ शिविर आयोजकों को संबंधित थाना से पूर्व अनुमति लेने, शिविर मुख्य सड़क से सुरक्षित दूरी पर लगाने, पार्किंग, सीसीटीवी, स्वयंसेवकों, प्राथमिक उपचार एवं अग्निशमन जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि कांवड़ मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, कांवड़ियों के जत्थों को ओवरटेक करने से बचें तथा पुलिस द्वारा जारी रूट डायवर्जन और अन्य यातायात निर्देशों का पालन करें।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और अनुशासन का पर्व है। हिसार पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कानून-व्यवस्था भंग करने, हुड़दंग मचाने या पुलिस के वैध निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। @newstodayhry #newstodayhry




