PUNJAB
Trending

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव अनिल सरीन का बयान।।

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महासचिव अनिल सरीन का बयान।।

पटियाला-(न्यूज़ टुडे ब्यूरो):- भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश महासचिव के रूप में दूसरी बार नियुक्त किए गए अनिल सरीन बुधवार को पटियाला पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक बार फिर उन पर विश्वास जताकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। अनिल सरीन ने कहा कि भाजपा एक संगठन आधारित पार्टी है, जहां सभी कार्यकर्ताओं को समान सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पद सीमित होते हैं, लेकिन जिम्मेदारियां असीमित हैं। जिन कार्यकर्ताओं को अभी संगठन में स्थान नहीं मिला है, उन्हें भी भविष्य में विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और समितियों में जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने पार्टी में नाराजगी और कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आज तक कोई भी कार्यकर्ता यह नहीं कह सकता कि उन्होंने उसका फोन नहीं उठाया या उसकी बात नहीं सुनी। उन्होंने कहा कि यदि कभी किसी पदाधिकारी से संपर्क नहीं हो पाया तो उसके पीछे व्यस्तता या स्वास्थ्य संबंधी कारण हो सकते हैं। कांग्रेस और अन्य दलों से भाजपा में शामिल हो रहे नेताओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में सरीन ने कहा कि भाजपा में नया और पुराना कार्यकर्ता जैसी कोई भावना नहीं है। पार्टी में शामिल होने वाला प्रत्येक व्यक्ति भाजपा परिवार का हिस्सा बन जाता है और सभी को उनकी क्षमता के अनुसार सम्मान और जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में लगातार विभिन्न दलों के नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि लोगों को भाजपा के भविष्य पर भरोसा है। उनके अनुसार, जनता महसूस कर रही है कि वर्ष 2027 के बाद पंजाब को विकास, कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या से बाहर निकालने की क्षमता केवल भाजपा के पास है। अनिल सरीन ने कहा कि भाजपा के विरोध के पीछे कुछ ऐसी ताकतें हैं जो विदेशी एजेंडों से प्रेरित होकर देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विश्व शक्ति के रूप में उभर रहा है और कुछ विदेशी शक्तियां इसकी प्रगति से असहज हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब सरकार के पास विज्ञापनों और प्रचार पर खर्च करने के लिए धन है, लेकिन कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता (डीए) देने के लिए पैसे नहीं हैं। भाजपा कर्मचारियों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है और सरकार को अदालत के निर्देशों के अनुसार जल्द भुगतान करना चाहिए। बेअदबी के मामलों पर उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि कानून का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर केवल राजनीति कर रही है, जबकि दोषियों को सजा दिलाने में विफल रही है। पंजाब में बढ़ते अपराध, गैंगस्टरवाद, फिरौती और नशे के मुद्दे पर भी उन्होंने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अवैध खनन और भ्रष्टाचार पर भी नियंत्रण करने में असफल रही है। सरीन ने विश्वास जताया कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत है और पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ेगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button