नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान ll
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जागरूकता अभियान ll

हिसार – (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता एवं नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव टोकस-पातन तथा हिसार शहर के गांधी बूथ के आसपास के क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान टीम ने गांव के युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों से संवाद कर उन्हें अपने बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उन्हें पढ़ाई और खेलों की ओर प्रेरित करने की अपील की। ग्रामीणों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार को भी नशे की बुराई से बचाने के लिए जागरूक किया गया। नशा मुक्ति टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों को नियमित उपचार एवं दवाई लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ग्रामीणों से नशा तस्करों के संबंध में जानकारी लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए आवश्यक जानकारी जुटाई गई। अभियान के दौरान 2 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। जिला हिसार क्षेत्र के 5 नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त नागरिक अस्पताल हिसार में 3 नशा पीड़ितों को पहली बार दवाई दिलवाई गई तथा 8 नशा पीड़ितों को दूसरी बार दवाई उपलब्ध कराई गई। इस दौरान नशा पीड़ितों के ब्लड टेस्ट करवाने के साथ-साथ काउंसलिंग भी करवाई गई। इस प्रकार कुल 16 नशा पीड़ितों को घर जाकर एवं नागरिक अस्पताल के माध्यम से एलोपैथिक व आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा पीड़ितों को अपराधी समझकर उनसे दूरी बनाने के बजाय उन्हें उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि नशा बेचने वालों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस को दें तथा नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि कोई भी युवक नशे की लत में पड़कर अपना जीवन बर्बाद न करे। हिसार पुलिस नशे के खिलाफ जागरूकता, उपचार और नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई—तीनों स्तरों पर लगातार अभियान जारी रखेगी। @newstodayhry #newstodayhry




