Haryana
Trending

नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल को अंजनी लढ़ा का समर्थन, सरकार से जल्द समाधान की मांग ll

नगरपालिका कर्मचारियों की हड़ताल को अंजनी लढ़ा का समर्थन, सरकार से जल्द समाधान की मांग ll

ऐलनाबाद-(दीपक सिला):-नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर की जा रही पिछले लगभग 13 दिनों से हड़ताल पर बैठे हैं। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंजनी लढ़ा ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से इस मामले में सकारात्मक एवं संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की। अंजनी लढ़ा ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी वर्षों से शहरों को स्वच्छ रखने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद यदि उनकी जायज मांगों को लेकर उन्हें बार-बार आंदोलन और हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ रहा है, तो यह सरकार और प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अनुसार 1 मई से 14 मई तक चली हड़ताल के दौरान सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच कई मांगों को लेकर सहमति बनी थी तथा 30 जून 2026 तक कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने सहित 21 सूत्रीय मांगों में से 17 मांगों पर सहमति बनी थी। कर्मचारियों का आरोप है कि निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद मांगों को लागू करने संबंधी आवश्यक आदेश जारी नहीं किए गए। अंजनी लढ़ा ने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, फायर विभाग के शहीद कर्मचारियों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता एवं परिवार के सदस्य को पक्की नौकरी देना तथा वर्षों से लंबित अन्य मांगों का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के साथ वार्ता केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सरकार को कर्मचारी प्रतिनिधियों के साथ बैठकर प्रत्येक मांग पर स्पष्ट समयसीमा तय करनी चाहिए और जिन मांगों पर सहमति बन चुकी है, उनके आदेश तत्काल जारी करने चाहिए। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अंजनी लढ़ा ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं। सफाई कर्मचारी, सीवर कर्मचारी, फायर कर्मचारी और नगरपालिका के अन्य कर्मचारी प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में उनके भविष्य की सुरक्षा और सम्मानजनक सेवा शर्तें सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल को टकराव का विषय न बनाकर संवाद और समाधान का अवसर बनाया जाए। सरकार तत्काल कर्मचारी संगठनों को बुलाकर सकारात्मक वार्ता करे और मांगों के समाधान की ठोस कार्ययोजना घोषित करे, ताकि कर्मचारी अपने काम पर लौट सकें और शहर की सफाई एवं जनसेवाओं का कार्य सुचारू रूप से जारी रह सके। अंजनी लढ़ा ने स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए वे उनके साथ खड़े हैं और सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह संवेदनशीलता दिखाते हुए इस मामले का शीघ्र समाधान करेगी। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button