नलवा में 600+ छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।।
नलवा में 600+ छात्रों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता एवं उपचार सहायता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार द्वारा थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव नलवा में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नलवा के प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त मंडी सुपरवाइजर एवं समाजसेवी श्री सुभाष बिश्नोई, अनुदेशक श्री विश्वास यादव तथा नशा मुक्ति पुलिस टीम से सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने करीब 350 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई एवं खेलों में ध्यान लगाने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव एवं यातायात नियमों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर संस्थान का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा। इसके बाद गांव नलवा स्थित संस्कृत मॉडल राजकीय वरिष्ठ विद्यालय में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां करीब 250 छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया। सेवानिवृत्त मंडी सुपरवाइजर एवं समाजसेवी श्री सुभाष बिश्नोई, पीजीटी अध्यापक श्री अशोक, पीजीटी अध्यापक श्री अशोक बिश्नोई तथा नशा मुक्ति टीम से सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई व खेलों में ध्यान लगाने तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा महिला अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई और नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई।
नशे के खिलाफ ग्रामीणों से भी मांगा सहयोग
नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव नलवा में नुक्कड़ सभा आयोजित कर ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास के युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं। इस दौरान ग्रामीणों से नशा तस्करों एवं नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई। पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जागरूकता के साथ नशा पीड़ितों को उपचार भी उपलब्ध कराया
हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा केवल जागरूकता तक सीमित न रहते हुए नशा पीड़ितों को उपचार एवं काउंसलिंग से जोड़ने का भी कार्य किया गया। अभियान के दौरान एक नशा पीड़ित की पहचान की गई। इसके अलावा 3 नशा पीड़ितों को पहली बार नागरिक अस्पताल हिसार से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां दिलवाई गईं। 5 नशा पीड़ितों को दूसरी बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाइयां, ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। वहीं, नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा 5 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। इस प्रकार कुल 13 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवा संबंधी सहायता उपलब्ध करवाई गई। एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस द्वारा एक ओर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं और आमजन को जागरूक करने तथा नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। अभिभावक, शिक्षक, ग्राम पंचायतें, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है। एसपी हिसार ने नशा मुक्ति टीम द्वारा किए जा रहे जागरूकता एवं उपचार संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को निरंतर प्रभावी रूप से जारी रखने के निर्देश दिए।। #Newstodayhry @Newstodayhry




