युवाओं की मौत पर विधायक का बड़ा सवाल—सरकार कब जागेगी? ||
युवाओं की मौत पर विधायक का बड़ा सवाल—सरकार कब जागेगी? ||

कालांवाली :- (पवन शर्मा ) कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से 22 नवंबर को कालांवाली में निकाली जाने वाली मैराथन को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा जिला इस समय नशे की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। हजारों युवा नशे की चपेट में हैं और चिट्टे जैसे घातक नशे के कारण नौजवानों की जिंदगी बर्बाद हो रही है। आए दिन नशे के कारण युवाओं की मौत की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाने के बजाय मैराथन जैसे आयोजनों तक सीमित नजर आ रही है। विधायक शीशपाल केहरवाला ने दो दिन पहले गांव संतनगर में एक कबड्डी खिलाड़ी की चिट्टे की ओवरडोज से हुई मौत का उदाहरण देते हुए कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है। इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कालांवाली विधानसभा क्षेत्र में भी नशे का जाल गांव-गांव तक फैल चुका है। नशे के कारण अनेक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। इससे न केवल युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है, बल्कि सामाजिक संतुलन और परिवारों की आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। केहरवाला ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की तस्वीरें भाजपा के पोस्टरों और बैनरों में बड़े-बड़े आकार में दिखाई देती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए और नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मैराथन जैसे आयोजनों के बजाय धरातल पर नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने की जरूरत है। नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं को अपराधी मानने के बजाय उनके इलाज तथा पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए। नशे से पीड़ित युवाओं को उचित चिकित्सा, काउंसलिंग और सामाजिक सहयोग उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।विधायक ने बेरोजगारी को भी नशे की समस्या का एक बड़ा कारण बताते हुए कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी युवाओं के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने से युवा निराशा और हताशा का सामना कर रहे हैं। ऐसे में कई युवा गलत संगत और नशे की दलदल में फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए केवल जागरूकता कार्यक्रम पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करने, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, नशा तस्करों पर शिकंजा कसने और नशे के आदी युवाओं के उपचार के लिए व्यापक स्तर पर काम करने की जरूरत है। केहरवाला ने मुख्यमंत्री से मांग की कि कालांवाली सहित पूरे सिरसा जिले में नशे के खिलाफ ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके और प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। #newstodayhry




