शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब ll
शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना दिवस पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब ll

ओढ़ा -(अशोक गर्ग) घुकांवाली रोड पर स्थित शिव मंदिर रामनगर ओढ़ा में मंगलवार को मूर्ति स्थापना दिवस बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरा क्षैत्र दिनभर शिवभक्ति और धार्मिक रंग में सराबोर नजर आया। सुबह शुभ मुहूर्त में सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों को पवित्र स्नान करवाया गया। इसके बाद विद्वान पंडित संजय दत्त गौतम व पंडित बलिराम के सानिध्य में हवन यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य हवन यज्ञ संपन्न करवाया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में सात मुख्य यजमानों ज्ञानचंद शर्मा, रवि शर्मा, ठाकुर विक्रम, विजय, बलवीर, कपिल ठाकुर के हाथों शास्त्री पंडित संजय दत्त गौतम भिरड़ाना और पंडित बलिराम ने हवन यज्ञ पूजन करवाया। मौके पर उपस्थित सभी श्रद्घालुओं ने गांव की सुख-समृद्धि के लिए आहुतियां डालीं। हवन यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद मंदिर कमेटी की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सेवादारों ने मुख्य रूप से तैयार छोले-पूरी, कढ़ी चावल और जलेबीयों का प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया। गांव और आसपास के सैकड़ों लोगों ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे डाक कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से सभी कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कांवड़ियों के साथ ‘जय महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के गगनभेदी जयकारों के साथ भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। डीजे के साथ झूमते-गाते श्रद्धालुओं की यह यात्रा पूरे गांव के मुख्य मार्गों से होती हुई सबसे पहले मुख्य शिव मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों ने पूरे विधि-विधान के साथ शिवलिंग पर पवित्र गंगाजल अर्पित किया।
मुख्य शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के बाद यह भव्य शोभायात्रा के रूप में आगे बढ़ी। करीब 30 से अधिक डाक कांवड़ियों और ग्रामीणों का यह जत्था गांव में स्थित अन्य मंदिरों में भी जलाभिषेक किया। सभी मंदिरों में इस भव्य आयोजन के चलते पूरे दिन गांव का माहौल पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा। @newstodayhry #newstodayhry




