नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस की मुहिम तेज, एसपी जसलीन कौर ने नशा पीड़ितों से किया संवाद ll
नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस की मुहिम तेज, एसपी जसलीन कौर ने नशा पीड़ितों से किया संवाद ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-नशे के खिलाफ डबवाली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को उपचार, सहयोग और सही मार्गदर्शन के माध्यम से दोबारा स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की ओर लौटाना भी है। इसी उद्देश्य के तहत आज पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस नागरिक अस्पताल मंडी डबवाली में पहुंचे।पुलिस प्रवक्ता ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एसपी जसलीन कौर ने अस्पताल में उपचाराधीन नशा पीड़ितों से आत्मीयता से संवाद किया और उनके स्वास्थ्य तथा उपचार के संबंध में जानकारी ली । उन्होंने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और उन्हें विश्वास दिलाया कि नशे से बाहर निकलने की राह में वे स्वयं को अकेला न समझें, डबवाली पुलिस हर कदम पर उनके साथ है । उन्होंने नशा पीड़ितों को उपचार पूरा करने, चिकित्सकों की सलाह का पालन करने तथा दोबारा नशे की ओर न लौटने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एसपी जसलीन कौर ने अस्पताल एसएमओ डॉ.सुदीप गोयल व एएसएमओ डॉ. हरसिमरन सिंह से नशा पीड़ितों की उपचार प्रक्रिया, स्वास्थ्य में हो रहे सुधार तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय एवं परामर्श सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि उपचाराधीन लोगों के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार रखा जाए, ताकि वे मानसिक रूप से मजबूत होकर नशे की आदत से बाहर निकलने के लिए निरंतर प्रयास कर सकें।
नशा मुक्ति टीम और ग्राम स्तरीय टीमों के प्रयासों से बढ़ी जागरूकता डबवाली पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में नशा मुक्ति टीम डबवाली तथा ग्राम स्तरीय नशा मुक्ति टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है, नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों एवं उनके परिवारों से संवाद कर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा नशा छोड़ने वाले लोगों से लगातार संपर्क स्थापित कर मार्गदर्शन किया जा रहा है।
नशा मुक्ति टीमों द्वारा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ खेल गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। ग्राम स्तरीय नशा मुक्ति टीमों के सदस्य भी अपने-अपने गांवों में नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंद व्यक्तियों को उपचार से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
एक जिंदगी बचाना, पूरे परिवार को बचाना है – एसपी जसलीन कौर ने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति को तिरस्कार नहीं, बल्कि उपचार, सहयोग और सही मार्गदर्शन की जरूरत है। नशे की गिरफ्त से किसी एक व्यक्ति को बाहर निकालना केवल उसकी जिंदगी बचाना नहीं, बल्कि उसके परिवार की उम्मीदों और भविष्य को बचाना भी है।
उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस एक ओर जहां नशा तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे की चपेट में आए लोगों को उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में भी हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। नशा मुक्ति टीम, ग्राम स्तरीय नशा मुक्ति टीमें, चिकित्सक, परिवार और समाज—सभी के सामूहिक प्रयासों से ही नशे के खिलाफ इस लड़ाई को निर्णायक बनाया जा सकता है।
नशे की खरीद-फरोख्त की सूचना पुलिस तक पहुंचाएं – पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण हथियार है । उन्होंने कहा कि आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी युवा की जिंदगी बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है। नशे के कारण किसी परिवार का भविष्य बर्बाद न हो, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
डबवाली पुलिस ने आमजन से आग्रह किया कि नशे के सेवन व खरीद फरोख्त से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना-चौकी में पुलिस तक पहुंचाएं । प्राप्त सूचनाओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को गोपनीय रखा जाएगा।
डबवाली पुलिस का संकल्प स्पष्ट है—नशा बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार, सहयोग और नई जिंदगी की राह दिखाना। नशे के खिलाफ यह अभियान कार्रवाई से आगे बढ़कर अब समाज के सहयोग से बदलाव की मुहिम बन रहा है। @newstodayhry #newstodayhry




