जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा को हिंदी राजभाषा कार्यान्वयन में प्रथम पुरस्कार ll
जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा को हिंदी राजभाषा कार्यान्वयन में प्रथम पुरस्कार ll

ओढ़ा-(अशोक गर्ग):-नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, सिरसा की वर्ष 2026-27 की प्रथम छमाही बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय, ओढ़ा को वर्षभर हिंदी राजभाषा के उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्यान्वयन के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय राजभाषा अधिकारी महेंद्र बैरवा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय को यह सम्मान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रभावी प्रयोग तथा हिंदी संबंधी विभिन्न गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए प्रदान किया गया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर प्राचार्य ललित कालड़ा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार विद्यालय के राजभाषा अधिकारी, समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जाता रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय के राजभाषा अधिकारी महेंद्र कुमार बैरवा ने कहा कि यह सम्मान पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि कार्यालयी कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग, हिंदी कार्यशालाओं, हिंदी पखवाड़ा एवं विभिन्न राजभाषा गतिविधियों का आयोजन तथा विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। यह पुरस्कार सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को राजभाषा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, सिरसा के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के संवर्धन एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। @newstodayhry #newstodayhry




