हिसार पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज, 10 नशा पीड़ितों को उपचार व दवाई उपलब्ध ll
हिसार पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान तेज, 10 नशा पीड़ितों को उपचार व दवाई उपलब्ध ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता एवं पुनर्वास अभियान के तहत थाना उकलाना क्षेत्र के गांव मदनपुरा एवं उकलाना मंडी के वार्ड नंबर-1 में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने गांव मदनपुरा के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में करीब 125 छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा पढ़ाई और खेलों में ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव एवं यातायात नियमों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यालय के मुख्य अध्यापक श्री धर्मवीर एवं स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।इसके पश्चात गांव मदनपुरा स्थित श्री हनुमान मंदिर के पवित्र प्रांगण में करीब 30 ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया गया। महिलाओं से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उन्हें पढ़ाई और खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। ग्रामीणों को स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार को नशे की बुराई से बचाने के लिए प्रेरित किया गया। नशा मुक्ति टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नशा पीड़ितों को नियमित रूप से उपचार एवं दवाई लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा ग्रामीणों से क्षेत्र में नशा तस्करी से संबंधित जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई। 10 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई – अभियान के दौरान हिसार जिले में चिन्हित 2 नशा पीड़ितों को नशा मुक्ति टीम द्वारा उपचार के लिए प्रेरित किया गया। इनमें से 1 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई, जबकि 7 नशा पीड़ितों को दूसरी बार दवाई दिलवाई गई। इसके अलावा मदनपुरा, उकलाना मंडी वार्ड एवं हिसार क्षेत्र के 2 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई।इस प्रकार कुल 10 नशा पीड़ितों को घर जाकर आयुर्वेदिक दवाई एवं नागरिक अस्पताल के माध्यम से उपचार/दवाई उपलब्ध करवाई गई। वहीं, नशा मुक्ति टीम के प्रयासों से प्रेरित होकर 1 नशा पीड़ित नागरिक अस्पताल हिसार में उपचार के लिए दाखिल हुआ। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हिसार पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने का कार्य भी कर रही है। एसपी ने आमजन से अपील की कि अपने आसपास नशे की गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें और नशे की लत में फंसे युवाओं को अपराधी समझकर उनसे दूरी बनाने के बजाय उन्हें उपचार एवं मुख्यधारा में वापस लाने में सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही हिसार को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।@newstodayhry #newstodayhry




