हत्या के मामले में थाना आजाद नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ll
हत्या के मामले में थाना आजाद नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ll

हिसार-(अमित कुमार):-थाना आजाद नगर पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद वारदात में प्रयुक्त तेजधार हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज पुत्र तारचन्द, निवासी चिड़ोद के रूप में हुई है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात एवं हथियार उपलब्ध करवाने से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में गहनता से पूछताछ की जा सके।थाना आजाद नगर प्रभारी इंस्पेक्टर मनदीप सिंह ने बताया कि बलवान सिंह पुत्र महावीर सिंह निवासी तलवंडी रुक्का ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसके पिता महावीर सिंह पुत्र देवतराम रात के समय अपने घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। उपचार के दौरान उनके पिता की मृत्यु हो गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल सहित अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लवकेश उर्फ आशीष पुत्र विनोद कुमार, निवासी रावत खेड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर चार दिन के रिमांड पर लिया था ।जांच के दौरान पुलिस को वारदात के पीछे रंजिश का कारण सामने आया। प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पक्ष मृतक के पोते द्वारा एक युवती के साथ अंतरजातीय प्रेम विवाह किए जाने को लेकर रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच कर रही है।मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। वहीं, वारदात में प्रयुक्त तेजधार हथियार उपलब्ध करवाने वाले आरोपी मनोज को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में किसी भी आरोपी के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। हिसार पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई कर रही है। मामले में फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर कानून के समक्ष पेश किया जाएगा।हिसार पुलिस की अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी है कि कानून से बचने का कोई रास्ता नहीं है। अपराध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




