जब खाकी बनी उम्मीद की किरण, झुग्गी बस्ती के बच्चों को पढ़ाई का महत्व समझाया।।
जब खाकी बनी उम्मीद की किरण, झुग्गी बस्ती के बच्चों को पढ़ाई का महत्व समझाया।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- पुलिस का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की तस्वीर उभरती है, लेकिन आज कालांवाली में डबवाली पुलिस का एक ऐसा मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला जिसने बच्चों और उनके अभिभावकों के दिलों को छू लिया । पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए आज थाना कालांवाली पुलिस टीम झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले परिवारों के बीच पहुंची और बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताकर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। इस दौरान प्रबंधक थाना कालांवाली उप नि. विजय सिंह ने बच्चों से बातचीत की, उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जाना । बच्चों के साथ हंसी-मजाक और आत्मीय संवाद के माध्यम से उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने, मेहनत से पढ़ाई करने तथा अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस कर्मियों ने बच्चों को बताया कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो जीवन में सफलता और सम्मान का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने बच्चों को सदैव नशे से दूर रहने व शिक्षा के साथ खेलकूद की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया । पुलिस टीम ने बच्चों के अभिभावकों से भी मुलाकात कर उन्हें अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने तथा उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों को समझाया गया कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को पढ़ने-लिखने का अवसर मिलना चाहिए । इस अवसर पर प्रबंधक थाना ने कहा कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचना और विशेष रूप से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रेरित करना पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी का भी हिस्सा है। पुलिस केवल अपराध रोकने का कार्य ही नहीं करती, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और युवाओं व बच्चों को सही दिशा दिखाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहती है। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों और उनके परिवारों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की तथा कहा कि पुलिस का यह अपनापन और मार्गदर्शन उनके लिए प्रेरणादायक है। इस कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास तथा सहयोग के रिश्ते को और अधिक मजबूत करने का कार्य किया।। #Newstodayhry @Newstodayhry




