पुलिस का एक तरफ नशा मुक्त अभियान, दूसरी तरफ रक्तदान।।
पुलिस का एक तरफ नशा मुक्त अभियान, दूसरी तरफ रक्तदान।।

डबवाली-( पंकज गुदारा ):- पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल निर्देशन में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर नागरिक अस्पताल डबवाली में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान एसपी जसलीन कौर ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है । उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा नियमित रूप से रक्तदान जैसे समाजसेवी कार्यों से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन नशा पीड़ितों का हालचाल जाना तथा एएसएमओ डॉ. हरसिमरनजीत सिंह के साथ नशा मुक्ति एवं पुनर्वास संबंधी प्रयासों पर चर्चा की । उन्होंने कहा कि नशा पीड़ित व्यक्ति को सहायता और उपचार की आवश्यकता होती है । स्वयं की दृढ इच्छा शक्ति व परिवार और समाज के सहयोग से ही वह सामान्य जीवन में लौट सकता है। एसपी डबवाली ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से पीड़ित है तो उसे उपचार और पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस की नशा मुक्ति टीम तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से अनेक युवक नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर नई जिंदगी की ओर बढ़ रहे हैं । समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है । कार्यक्रम के दौरान एसपी जसलीन कौर ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण भी किया । उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है । बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान, नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण-तीनों ऐसे कार्य हैं जो मानव जीवन और समाज के बेहतर भविष्य से सीधे जुड़े हुए हैं।। #Newstodayhry @Newstodayhry




