
सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय, मिठी सुरेरां ऐलनाबाद में कार्यकारी प्राचार्य डॉ. सुगन सिंह की अध्यक्षता और पुस्तकालय प्रभारी प्रो.सावन कुमार के संयोजन में राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की शुरूआत सभी के स्वागत एवं हार्दिक अभिनंदन से की गई। इस अवसर पर महाविद्यालय में विद्यार्थियों के बीच पुस्तकालय के महत्व, पठन-पाठन की संस्कृति तथा ज्ञानवर्धन में पुस्तकों की भूमिका पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रभारी प्रो .सावन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह नहीं, बल्कि पुस्तकालय ज्ञान का मंदिर है, जहां अनगिनत पुस्तकें और असीम जानकारियां सुरक्षित रखी जाती हैं। यह वह शांत स्थान है, जो हमारे मन को एकाग्र करके हमें स्वाध्याय और नई चीजें सीखने की प्रेरणा देता है। यह शोध और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्र छात्राओं को नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करने तथा पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने के लिए प्रेरित किया और शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुस्तकालय के महत्व पर अपने विचार भी सांझा किए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नियमित अध्ययन और पुस्तकालय के अधिकाधिक उपयोग का संकल्प लिया। अंत में कार्यकारी प्राचार्य डॉ. सुगन सिंह ने सभी को राष्ट्रीय पुस्तकालय दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पुस्तकालय किसी भी शैक्षणिक संस्थान की आत्मा होता है। उन्होंने छात्राओं से ज्ञानार्जन के लिए पुस्तकालय का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्रो. सावन कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। @newstodayhry #newstodayhry




