#haryanagorvment
Trending

आरोपी की निशानदेही ने खोला बड़ा राज, CIA हिसार ने बरामद किए विदेशी हथियार

आरोपी की निशानदेही ने खोला बड़ा राज, CIA हिसार ने बरामद किए विदेशी हथियार

हिसार:- ( अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशों में CIA हिसार की टीम ने बहुचर्चित टोल प्लाजा हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मनोज निवासी बहबलपुर , सचिन व रोहित निवासी सोनीपत के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को सोनीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर टोल प्लाजा हत्याकांड के मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इस संबंध में जानकारी देते हुए CIA हिसार के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि इस हत्याकांड में CIA हिसार द्वारा पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अतिरिक्त मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों सहित अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी रोहित की निशानदेही पर CIA हिसार की टीम ने रायपुर रोड स्थित खंडहर के पास एक पुराने फार्म हाउस की झाड़ियों में छिपाकर रखे गए बैग से दो विदेशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी ने उक्त हथियारों को झाड़ियों में छिपाकर रखने की बात बताई थी। पुलिस टीम द्वारा बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर आगामी जांच में शामिल किया गया है। CIA हिसार के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में सोनीपत जेल भेजा जाएगा। मामले में CIA हिसार की टीम द्वारा गहनता से अनुसंधान किया जा रहा है। जांच के दौरान हत्याकांड में प्रयुक्त हथियारों, वारदात की साजिश तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध हिसार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। टोल प्लाजा हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की प्रत्येक कड़ी को जोड़ते हुए साक्ष्य आधारित जांच की जा रही है। अपराध में संलिप्त सभी व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाना हिसार पुलिस की प्राथमिकता है। हिसार पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि संगीन अपराध करने वाले अपराधियों के लिए कानून से बचने का कोई रास्ता नहीं है।

Related Articles

Back to top button