पुलिस की वर्दी, टर्नआउट और फिटनेस पर कड़ी नजर, दिए अहम निर्देश
पुलिस की वर्दी, टर्नआउट और फिटनेस पर कड़ी नजर, दिए अहम निर्देश
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज पुलिस लाइन हिसार में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन, टर्नआउट, वर्दी एवं शारीरिक फिटनेस का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कर्तव्य के प्रति समर्पण अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी फिटनेस बनाए रखने के साथ-साथ ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक परेड पुलिस बल में अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुलिसकर्मी अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें और नियमित रूप से व्यायाम एवं शारीरिक अभ्यास को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के साथ अच्छा व्यवहार करने, शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। एसपी हिसार ने कहा कि पुलिस की पहचान उसके अनुशासन, कार्यशैली और आमजन के प्रति व्यवहार से होती है। प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी ईमानदारी, सजगता और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए।





