#haryanagorvment
Trending

पराली जलाने से बचें, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ी को बचाएं

पराली जलाने से बचें, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ी को बचाएं

हिसार :- ( अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार की ओर से जिला हिसार के सभी किसान भाइयों से अपील की जाती है कि वे फसल कटाई के बाद खेतों में बची पराली को आग न लगाएं। पराली जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं वातावरण को प्रदूषित करता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने से खेतों की उपजाऊ मिट्टी को भी नुकसान पहुंचता है। आग के कारण मिट्टी में मौजूद उपयोगी सूक्ष्म जीव और जैविक तत्व नष्ट होते हैं, जिससे जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। इसके अतिरिक्त आग आसपास के खेतों, पेड़-पौधों और आबादी वाले क्षेत्रों तक फैलकर जान-माल के नुकसान का कारण भी बन सकती है। पुलिस अधीक्षक हिसार किसानों से अपील करते हैं कि पराली को आग लगाने की बजाय उसका उचित प्रबंधन करें। आधुनिक कृषि यंत्रों की सहायता से पराली की गांठें बनवाकर उसे पशु चारे, बायोमास ईंधन, बिजली उत्पादन तथा अन्य उपयोगी कार्यों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों को आर्थिक लाभ भी मिल सकता है। हिसार पुलिस द्वारा पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसानों को जागरूक किया जा रहा है कि वे पर्यावरण संरक्षण में अपनी जिम्मेदारी समझें और पराली प्रबंधन के उपलब्ध विकल्पों को अपनाएं। एसपी हिसार का संदेश है कि किसान हमारे अन्नदाता हैं और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पराली को आग लगाने की बजाय उसका सदुपयोग करें। अपनी जमीन की उर्वरा शक्ति बचाएं, स्वच्छ हवा और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करें। आइए, हम सब मिलकर संकल्प लें—न पराली जलाएंगे, न जलाने देंगे। स्वच्छ पर्यावरण और नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के साथ-साथ प्रदूषणमुक्त हिसार के निर्माण में अपना योगदान देंगे। हिसार पुलिस की अपील : पराली जलाने से बचें, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं।

Related Articles

Back to top button