वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ कहे तो तुरंत हो जाएं सावधान
वीडियो कॉल पर ‘डिजिटल अरेस्ट’ कहे तो तुरंत हो जाएं सावधान
डबवाली :- ( पंकज गोदारा ) पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशानिर्देशानुसार डबवाली पुलिस ने आमजन को “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर हो रही साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है । आजकल साइबर अपराधी स्वयं को पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ईडी, एनसीबी, आरबीआई, कस्टम विभाग या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल करते हैं तथा लोगों को झूठे मुकदमे, मनी लॉन्ड्रिंग, पार्सल में अवैध सामान मिलने या आधार/सिम कार्ड के दुरुपयोग का डर दिखाकर घंटों तक वीडियो कॉल पर रखते हैं । इसके बाद वे लोगों से बैंक खातों की जानकारी, ओटीपी, व्यक्तिगत दस्तावेज या बड़ी रकम तथाकथित “वेरिफिकेशन” के नाम पर अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते हैं।पुलिस प्रवक्ता एवं साइबर अपराध शाखा प्रभारी उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने बताया कि साइबर ठग लोगों को मानसिक दबाव में लाकर उन्हें किसी से बात न करने की हिदायत देते हैं और यह दावा करते हैं कि उन्हें “डिजिटल अरेस्ट” कर लिया गया है। कई मामलों में लोग घबराकर अपनी जीवनभर की जमा पूंजी साइबर अपराधियों के खातों में स्थानांतरित कर देते हैं । जबकि भारत में किसी भी कानून के तहत “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। कोई भी सरकारी एजेंसी किसी नागरिक को वीडियो कॉल या फोन कॉल के माध्यम से हिरासत में नहीं लेती और न ही बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के निर्देश देती है।उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की कॉल प्राप्त होती है तो घबराएं नहीं, तुरंत कॉल काट दें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते का विवरण, एटीएम कार्ड, सीवीवी, ओटीपी अथवा धनराशि किसी के साथ साझा न करें। किसी भी सरकारी अधिकारी द्वारा फोन या वीडियो कॉल के माध्यम से पैसे जमा कराने की मांग पूरी तरह फर्जी होती है।उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर धमकाए या “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाए तो उसकी सूचना तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही निकटतम पुलिस थाना या साइबर पुलिस से भी तत्काल संपर्क करें।उन्होंने आगे बताया कि “साइबर अपराधियों का सबसे बड़ा हथियार डर, लालच और जल्दबाजी है। यदि आम नागरिक शांत रहकर तथ्यों की जांच करेंगे तो ऐसे अपराधों से आसानी से बच सकते हैं। डबवाली पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम और जागरूकता के लिए लगातार अभियान चला रही है।





