नशों और बुराइयों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान दें विद्यार्थी : जसलीन कौर एसपी ।।
नशों और बुराइयों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान दें विद्यार्थी : जसलीन कौर एसपी ।।

ओढ़ां – ( गुरनैब दंदीवाल ):- दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल चोरमार के विद्यार्थियों को संत बाबा करम सिंह जी छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत छात्रवृत्ति राशि वितरित करने हेतु गुरुद्वारा साहिब में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जसलीन कौर पुलिस अधीक्षक डबवाली ने भाग लिया। इस अवसर पर स्कूल की कक्षा दसवीं और बारहवीं के मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा दसवीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जसलीन कौर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशों और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य को ध्यान में रखकर निरंतर मेहनत करते हैं, वे निश्चित रूप से उच्च मुकाम हासिल करते हैं तथा समाज और देश का नाम रौशन करते हैं। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि संत बाबा करम सिंह जी छात्रवृत्ति योजना का मुख्य उद्देश्य मेधावी और परिश्रमी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे और अधिक उत्साह के साथ अपनी शिक्षा जारी रख सकें। इस योजना के अंतर्गत स्कूल के दसवीं कक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 हज़ार रुपये तथा 90 से 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 7500 रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्रदान की गई। समारोह के दौरान मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संत बाबा गुरपाल सिंह व मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने अपने हाथों से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब चोरमार के मुख्य सेवादार संत बाबा गुरपाल सिंह तथा स्कूल निदेशक डॉ. गुरप्रीत कौर ने एसपी जसलीन कौर का विशेष सम्मान किया और इस समारोह में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया। स्कूल निदेशक डॉ गुरप्रीत कौर ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहता है। स्कूल के लिए यह गर्व की बात है कि स्कूल विद्यार्थी लगातार उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहे हैं। इस समारोह में विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।। #newstodayhry @newstodayhry