सेल्फ हेल्प ग्रुप ने करवाया गांव केलनिया में हरियाली तीज पर कार्यक्रम ll
सेल्फ हेल्प ग्रुप ने करवाया गांव केलनिया में हरियाली तीज पर कार्यक्रम ll

सिरसा – (अक्षित कम्बोज ) गांव केलनिया में सेल्फ हेल्प ग्रुप की ओर से हरियाली तीज पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि श्याम सिंह राणा, कृषि एवं किसान कल्याण तथा डेयरी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री, हरियाणा सरकार का सान्निध्य एवं मार्गदर्शन रहा। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष यतींद्र सिंह एडवोकेट भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नमो ड्रोन दीदी विमला सिंवर ने की। कार्यक्रम में गांव की सेल्फ हेल्प ग्रुप की बहनों, लखपती दीदी, नमो ड्रोन दीदी, गांव की सरपंच अंजूबाला, सरपंच प्रतिनिधि संजय कुमार एवं ग्राम सचिव सुनीता शर्मा सहित 17 गांवों के सरपंच, पंच सहित ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सर्वप्रथम कृषि मंत्री व जिलाध्यक्ष ने सभी महिलाओं को हरियाली तीज के पावन पर्व की बधाई दी। विमला सिंवर ने गांव के स्कूल में लैब की स्थापना के लिए कृषि मंत्री से सहयोग का आग्रह किया, जिसपर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा द्वारा स्कूल में लैब के निर्माण/विकास के लिए 11 लाख की राशि देने की घोषणा की गई। विमला सिंवर ने कहा कि यह सराहनीय पहल गांव के बच्चों और बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कृषि मंत्री का यह सहयोग आने वाली पीढ़ी के सपनों को नई उड़ान देने वाला है। गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलें और वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें—यही हमारे ग्रामीण विकास की सच्ची पहचान है। ग्रामीणों ने कृषि मंत्री व विमला सिंवर का स्कूल में लैब के लिए सहयोग देने पर आभार व्यक्त किया। इस मौके पर कृषि मंत्री ने कहा कि भारत त्योहारों का देश है, जिसमें समय-समय पर अनेक पारंपरिक त्योहार आपस में मिलजुल कर प्रेम व भाईचारे से मनाए जाते हैं। इस मौके पर नमो ड्रोन दीदी विमला सिंवर ने कहा कि हरियाली तीज आस्था, सौभाग्य और उमंग का पर्व है। उन्होंने कहा कि तीज भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन का प्रतीक होने के साथ महिलाओं के मिलन, आत्मविश्वास और आनंद का पर्व है। झूला झूलना, गीत-संगीत और नृत्य महिलाओं को आपसी मेलजोल का अवसर देते हैं। इस मौके पर महिलाओं ने जमकर झूले डाले और एक-दूसरे को तीज पर्व की बधाई दी। @newstodayhry #newstodayhry




